योग, ध्यान, डिटॉक्स थेरेपी और विशेष डाइट प्लान के जरिए स्वास्थ्य सुधार पर रहेगा फोकस; सरकारी कामकाज पहले की तरह जारी रहेगा
योग, ध्यान, डिटॉक्स थेरेपी और विशेष डाइट प्लान के जरिए स्वास्थ्य सुधार पर रहेगा फोकस; सरकारी कामकाज पहले की तरह जारी रहेगा
खबर खास । चंडीगढ़
मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने स्वास्थ्य और समग्र फिटनेस में सुधार के उद्देश्य से एक सप्ताह के लिए बेंगलुरु रवाना हो गए हैं। इस दौरान वह एक निजी प्राकृतिक चिकित्सा एवं वेलनेस केंद्र में रहकर विपश्यना, योग, ध्यान, प्राकृतिक उपचार और विशेष आहार योजना के तहत स्वास्थ्य लाभ लेंगे।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री पिछले कई महीनों से लगातार राजनीतिक कार्यक्रमों, प्रशासनिक बैठकों और विभिन्न सरकारी आयोजनों में व्यस्त रहे हैं। लगातार यात्राओं और व्यस्त दिनचर्या के कारण उन्हें थकान महसूस हो रही थी, जिसके बाद चिकित्सकों ने उन्हें कुछ समय के लिए स्वास्थ्य लाभ लेने की सलाह दी।
बेंगलुरु में अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से डिटॉक्सिफिकेशन प्रक्रिया से गुजरेंगे। इसके अलावा वह प्रतिदिन योग और ध्यान सत्रों में भाग लेंगे तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनके लिए तैयार की गई विशेष पोषण योजना का पालन करेंगे। स्वास्थ्य विशेषज्ञ नियमित रूप से उनकी सेहत की निगरानी करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर उपचार एवं आहार में आवश्यक बदलाव भी किए जाएंगे। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान मुख्यमंत्री विपश्यना ध्यान सत्रों में भी हिस्सा लेंगे।
रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की समीक्षा की, विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत विकास कार्यों का उद्घाटन किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी चल रहे प्रोजेक्ट निर्धारित समय पर बिना किसी बाधा के जारी रहें।
सरकारी सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति के दौरान भी राज्य का प्रशासनिक कामकाज सामान्य रूप से चलता रहेगा। सभी विभाग अपने नियमित कार्य करते रहेंगे और आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संपर्क में रहकर महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लेते रहेंगे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0