पंजाब में 90% वोटर मैपिंग पूरी, किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम नहीं कटने दिया जाएगा; 1 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
पंजाब में 90% वोटर मैपिंग पूरी, किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम नहीं कटने दिया जाएगा; 1 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
खबर खास । संगरूर
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत अपने एन्यूमरेशन फॉर्म समय पर भरकर मतदाता सूची में अपने विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि इससे मतदाता सूची सटीक और अद्यतन बनी रहेगी तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब में अब तक लगभग 90 प्रतिशत वोटर मैपिंग का कार्य पूरा हो चुका है और शेष काम युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे।
भगवंत मान ने कहा कि 25 जून से 24 जुलाई तक चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं। बीएलओ परिवारों को एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित कर रहे हैं और उन्हें फॉर्म भरने में सहायता भी प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार के अतिरिक्त दस्तावेज नहीं लिए जा रहे हैं, क्योंकि इसका उद्देश्य केवल मौजूदा मतदाता विवरण का सत्यापन करना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यदि किसी घर पर बीएलओ के पहुंचने के समय ताला लगा मिलता है तो वह वहां सूचना पर्ची और स्टिकर छोड़ेंगे तथा फॉर्म प्राप्त करने के लिए कम से कम तीन बार दोबारा दौरा करेंगे।
उन्होंने पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सीमा साझा करते हुए बताया कि अद्यतन मतदाता सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ साझा की जाएगी, जबकि 3 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा।
मान ने कहा कि जो मतदाता 3 अगस्त से पहले अपना एन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं कर पाएंगे, वे 3 अगस्त से 2 सितंबर के बीच घोषणा-पत्र के साथ फॉर्म-6 जमा कर अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके बाद 1 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सभी मतदाताओं से इस सत्यापन अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि समय पर प्रक्रिया पूरी करने से उनका नाम मतदाता सूची में सही तरीके से दर्ज रहेगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0