हरियाणा के सभी 22 जिलों में बनाए गए वेरिफिकेशन सेंटर, अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड और फोटो आईडी साथ लाना होगा
हरियाणा के सभी 22 जिलों में बनाए गए वेरिफिकेशन सेंटर, अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड और फोटो आईडी साथ लाना होगा
ख़बर ख़ास | हरियाणा
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2025 में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी और अहम खबर सामने आई है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH), भिवानी ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा परिणाम जारी होने से पहले सभी अभ्यर्थियों के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन करवाना अनिवार्य होगा। बोर्ड ने यह प्रक्रिया 10 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक प्रदेश के सभी 22 जिलों में आयोजित करने का निर्णय लिया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पूरा नहीं करने वाले अभ्यर्थियों का परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि हरियाणा अध्यापक पात्रता (HTET) परीक्षा-2025 का आयोजन 4 और 5 जुलाई 2026 को किया गया था। अब परीक्षा परिणाम जल्द जारी किए जाने की तैयारी चल रही है, लेकिन उससे पहले अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। बोर्ड का कहना है कि यह कदम परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और वास्तविक अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी 22 जिलों में बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन केंद्र स्थापित किए गए हैं। वहीं, हरियाणा के बाहर के राज्यों से परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी अपने नजदीकी जिला मुख्यालय में जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। यदि किसी अभ्यर्थी के सामने विशेष परिस्थिति उत्पन्न होती है तो वह अपनी सुविधा के अनुसार 22 जिलों में स्थापित किसी भी अधिकृत केंद्र पर जाकर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन करवा सकता है।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वेरिफिकेशन के दौरान अपना मूल एडमिट कार्ड तथा फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र साथ लेकर जाना अनिवार्य होगा। बिना इन दस्तावेजों के बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी नहीं की जाएगी। जिन विद्यालयों में वेरिफिकेशन केंद्र बनाए गए हैं, उनकी विस्तृत सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है, ताकि अभ्यर्थी पहले से अपने केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकें।
बोर्ड की ओर से सभी पंजीकृत अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर भी सूचना भेजी जा रही है। इसके अलावा वेबसाइट पर उपलब्ध विशेष लिंक के माध्यम से अभ्यर्थी अपनी पंजीकरण संख्या और जन्म तिथि दर्ज कर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन की स्थिति भी ऑनलाइन जांच सकते हैं। बोर्ड ने साफ शब्दों में कहा है कि 10 से 12 अगस्त 2026 के बीच बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पूरा नहीं करने वाले किसी भी अभ्यर्थी का HTET 2025 का परीक्षा परिणाम जारी नहीं किया जाएगा। ऐसे में सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि के भीतर यह प्रक्रिया समय पर पूरी करने की सलाह दी गई है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0