पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 23 मई तक असर, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और तापमान में भी बढ़ोतरी की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 23 मई तक असर, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और तापमान में भी बढ़ोतरी की संभावना
ख़बर ख़ास | हिमाचल
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते राज्य के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 19 मई से सक्रिय हो रहे इस सिस्टम का असर 23 मई तक प्रदेशभर में बना रहने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक, 19, 20 और 21 मई को राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। इसके अलावा 22 और 23 मई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है, जिससे मौसम ठंडा बना रह सकता है।
विभाग ने चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के कुछ इलाकों में तेज अंधड़ चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों और किसानों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
तापमान की बात करें तो आने वाले चार से पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं अधिकतम तापमान में भी धीरे-धीरे 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने के आसार हैं। हालांकि बारिश और बादलों के कारण कुछ इलाकों में तापमान में हल्की गिरावट भी दर्ज की जा सकती है।
रविवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा, लेकिन अब आगामी दिनों में बदलाव तय माना जा रहा है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0