सीएम सुक्खू बोले- 164 तकनीकी संस्थान, 26,000 से अधिक छात्र और 97 नियोक्ता प्लेटफॉर्म से जुड़े; भर्ती प्रक्रिया होगी तेज और पारदर्शी
सीएम सुक्खू बोले- 164 तकनीकी संस्थान, 26,000 से अधिक छात्र और 97 नियोक्ता प्लेटफॉर्म से जुड़े; भर्ती प्रक्रिया होगी तेज और पारदर्शी
खबर खास | शिमला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल लॉन्च किया। यह अपनी तरह का पहला डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य तकनीकी रूप से योग्य युवाओं को विभिन्न उद्योगों में रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास और रोजगार सृजन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पोर्टल तकनीकी शिक्षा संस्थानों और उद्योगों की जरूरतों के बीच की दूरी को कम करने के साथ-साथ छात्रों को पारदर्शी और प्रभावी भर्ती प्रणाली के माध्यम से बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराएगा।
पोर्टल के माध्यम से छात्र अपनी प्रोफाइल बना सकेंगे और अपनी कौशल, प्रशिक्षण एवं प्रमाणपत्रों से जुड़ी जानकारी अपलोड कर सकेंगे। इसके अलावा वे उपलब्ध नौकरियों को देख सकेंगे, ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और अपनी प्लेसमेंट स्थिति को भी ट्रैक कर सकेंगे।
वहीं, कंपनियां और नियोक्ता पोर्टल पर पंजीकरण कर रिक्तियों को पोस्ट कर सकेंगे, योग्य उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट कर सकेंगे और पूरी भर्ती प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से पूरा कर सकेंगे। इससे भर्ती प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनेगी।
सीएम सुक्खू ने बताया कि अब तक 164 तकनीकी संस्थान इस प्लेटफॉर्म पर पंजीकृत हो चुके हैं। इनमें 136 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), 18 पॉलिटेक्निक कॉलेज, पांच इंजीनियरिंग कॉलेज और पांच फार्मेसी कॉलेज शामिल हैं।
हिम एक्सेस इंटीग्रेशन पोर्टल के माध्यम से अब तक 26,168 छात्रों का पंजीकरण किया जा चुका है, जबकि 23,054 छात्रों की स्किल मैपिंग पूरी हो चुकी है। इसके अलावा 97 नियोक्ता भी इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पोर्टल इलेक्ट्रीशियन और प्लंबर जैसे कुशल पेशेवरों को अल्पकालिक कार्यों के लिए अपनी सेवाएं उपलब्ध कराने का अवसर भी देगा। तकनीकी संस्थान एक ही एकीकृत प्लेटफॉर्म के माध्यम से छात्रों के रिकॉर्ड का प्रबंधन, प्रोफाइल की स्वीकृति और प्लेसमेंट की निगरानी कर सकेंगे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0