मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- मंजूरी मिलते ही हो सकता है शपथ ग्रहण, विभागों में फेरबदल की भी संभावना
मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- मंजूरी मिलते ही हो सकता है शपथ ग्रहण, विभागों में फेरबदल की भी संभावना
खबर खास | शिमला
हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से चर्चा में चल रहे मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अब तस्वीर साफ होती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के संकेत देकर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री के बयान के बाद माना जा रहा है कि ठाकुर का शपथ ग्रहण जल्द हो सकता है। इसके साथ ही मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की संभावना भी जताई जा रही है।
शिमला के चौड़ा मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर फैसला राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद लिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगर सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल करने की मंजूरी मिल जाती है तो उनका शपथ ग्रहण समिति की बैठक से पहले भी कराया जा सकता है। समिति की बैठक की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
मुख्यमंत्री सुक्खू इससे पहले भी सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के संकेत दे चुके हैं। कुछ दिन पहले एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इस संबंध में बयान दिया था। इसके बाद से ही कांग्रेस के भीतर और प्रदेश की राजनीति में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
संवैधानिक प्रावधानों के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं। सुक्खू सरकार के गठन के समय आठ मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। इसके बाद राजेश धर्माणी और यादविंद्र गोमा को भी मंत्री बनाया गया। इसके बावजूद मंत्रिमंडल में एक पद लंबे समय से खाली है।
अब मुख्यमंत्री के ताजा बयान के बाद इस खाली पद को भरने की संभावना मजबूत हो गई है। सुंदर सिंह ठाकुर की संभावित मंत्रिमंडल में एंट्री के साथ ही विभागों के पुनर्वितरण पर भी नजरें टिक गई हैं। माना जा रहा है कि नए मंत्री के शामिल होने के बाद कुछ विभागों का बंटवारा नए सिरे से किया जा सकता है।
फिलहाल सबकी निगाहें राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक और सुंदर सिंह ठाकुर के संभावित शपथ ग्रहण की तारीख पर टिकी हैं। मुख्यमंत्री के संकेतों ने हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही अटकलों को और हवा दे दी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0