हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार हरियाणा में किसानों की बेहतरी के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि के क्षेत्र में कई नए अवसरों की शुरुआत हो चुकी है, और हम इन अवसरों का सही तरीके से उपयोग करेंगे।
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार हरियाणा में किसानों की बेहतरी के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि के क्षेत्र में कई नए अवसरों की शुरुआत हो चुकी है, और हम इन अवसरों का सही तरीके से उपयोग करेंगे।
राणा आज नई दिल्ली में कृषि खरीफ अभियान 2025 पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में बोल रहे थे। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित थे।
इस सम्मेलन में 10 से अधिक राज्यों के कृषि मंत्री और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत की और कई विशेष्ज्ञें ने वर्चुअल तरीके से भी जुड़कर कृषि क्षेत्र की उन्नति के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर कार्य करने की सहमति जताई।
हरियाणा के कृषि मंत्री ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का धन्यवाद करते हुए कहा, "कृषि खरीफ अभियान 2025 पर राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है, और मैं केंद्रीय कृषि मंत्री का आभार व्यक्त करता हूँ। इस सम्मेलन ने हमारे किसानों के लिए नए दिशा-निर्देश और अवसर प्रदान किए हैं। हमें गर्व है कि केंद्र सरकार कृषि क्षेत्र की उन्नति के लिए लगातार प्रयासरत है।"
उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कृषि वैज्ञानिकों द्वारा चावल की दो नई किस्में विकसित की गई हैं, जिनसे उत्पादन में वृद्धि होगी। अब फसल 20 दिन पहले तैयार हो जाएगी, पानी की बचत होगी, और मीथेन गैस का उत्सर्जन कम होगा। जल्द ही ये किस्में किसानों को उपलब्ध कराई जाएंगी। 2014 के बाद हमारे वैज्ञानिकों ने 2,900 नई किस्मों का विकास किया है।
उन्होंने आगे कहा हरियाणा सरकार का भी मुख्य उद्देश्य उत्पादन बढ़ाना, उत्पादन की लागत को घटाना, उत्पादों के उचित दाम सुनिश्चित करना, आपदा के समय किसानों को सहायता देना और फलों एवं फूलों की खेती को बढ़ावा देना है।
Comments 0