श्याम राणा, रणवीर गंगवा और आरती राव ने दिए बधाई संदेश
श्याम राणा, रणवीर गंगवा और आरती राव ने दिए बधाई संदेश
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के कैबिनेट मंत्रियों श्याम सिंह राणा, रणवीर गंगवा और आरती सिंह राव ने दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेश वासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं हैं।
यहां जारी संदेश में राणा ने सभी किसानों एवं उनके परिवारों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली का यह पर्व भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसान अपनी मेहनत और समर्पण से कृषि, बागवानी, डेयरी एवं मत्स्य पालन के क्षेत्र में प्रदेश को अग्रणी बना रहे हैं। हमारे किसान प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की खाद्य सुरक्षा, पोषण एवं आर्थिक मजबूती के आधार स्तंभ हैं।
कृषि मंत्री ने आशा व्यक्त की कि दीपावली का यह पर्व खेत-खलिहानों में नई ऊर्जा और समृद्धि लाएगा तथा ग्रामीण आंगनों में खुशहाली के दीप जलाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उत्पादन क्षमता सुधारने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं नीतियों के माध्यम से लगातार प्रयासरत है। राणा ने किसानों से अपील की कि वे इस त्योहार को आपसी एकता और हर्षोल्लास के साथ मनाएँ तथा स्वास्थ्य और पर्यावरण का विशेष ध्यान रखें।
वहीं, गंगवा ने प्रदेशवासियों को दीपावली, गोवर्धन पूजा, विश्वकर्मा दिवस और भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली का यह पावन पर्व अंधकार से प्रकाश, असत्य से सत्य और नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर बढ़ने का प्रतीक है। यह त्योहार हमें समाज में एकता, प्रेम और सेवा भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीयों की रोशनी का नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और आशा का उत्सव है। यह पर्व हमें सिखाता है कि जब मन में विश्वास और नीयत में अच्छाई हो, तो हर अंधकार मिट सकता है।
आरती राव ने कहा कि यह पर्व प्रकाश का त्योहार है, जो अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। मंत्री ने लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
आरती सिंह राव ने अपील की कि दीपावली जैसे पावन पर्व को परस्पर प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया जाए ताकि समाज में आपसी सहयोग और एकजुटता का संदेश जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार केवल आनंद और उत्सव का अवसर ही नहीं है, बल्कि यह लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने और सामूहिक खुशियों को साझा करने का भी माध्यम है।
इस मौके पर उन्होंने बाजारों में बिकने वाली मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसी भी स्थिति में लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। जो भी दुकानदार या फैक्ट्री संचालक मिलावटी सामान बेचते हुए पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली के अवसर पर विशेष जांच अभियान चलाकर मिठाई की दुकानों, खाद्य पदार्थ बनाने वाली इकाइयों और फैक्ट्रियों की नियमित जांच की जाए। उन्होंने कहा कि नकली और मिलावटी सामान बनाने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाए ताकि लोग बिना किसी भय और चिंता के त्योहार मना सकें।
आरती सिंह राव ने प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाया कि सरकार पूरी तत्परता से आमजन के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए काम कर रही है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0