पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार; सेना से जुड़े संवेदनशील ठिकानों पर रखी जा रही थी नजर
पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार; सेना से जुड़े संवेदनशील ठिकानों पर रखी जा रही थी नजर
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़ ,जालंधर :
पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। राज्य को सुरक्षित बनाने के अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े दो हाई-टेक जासूसी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। ये मॉड्यूल चीन में बने अत्याधुनिक CCTV कैमरों के जरिए संवेदनशील सैन्य ठिकानों की लाइव फीड पाकिस्तान भेज रहे थे। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस गौरव यादव ने बताया कि ये नेटवर्क बेहद सुनियोजित तरीके से काम कर रहे थे। आरोपियों द्वारा सोलर पावर और 4G कनेक्टिविटी से लैस कैमरे ऐसे स्थानों पर लगाए जा रहे थे, जहां से सेना की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। खास बात यह है कि इन कैमरों को पारंपरिक वायरिंग की जरूरत नहीं थी, जिससे इन्हें आसानी से छिपाकर लगाया जा सकता था।
पहली कार्रवाई काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने की, जिसमें सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक चीन निर्मित CCTV कैमरा, सोलर प्लेट और सिम कार्ड बरामद हुआ। वहीं दूसरी कार्रवाई कपूरथला पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ मिलकर की, जिसमें दो आरोपियों—सोना और संदीप सिंह उर्फ सोनू—को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से चार मोबाइल फोन, एक सिम-बेस्ड CCTV कैमरा और एक वाई-फाई सेट बरामद हुआ।
जांच में सामने आया है कि कपूरथला में आरोपियों ने एक दुकान किराए पर लेकर पास के खंभे पर कैमरा लगाया था, जिससे सेना की गतिविधियों की निगरानी की जा सके। इस काम के लिए उन्हें पाकिस्तान में बैठे ‘फौजी’ नामक हैंडलर से 35,000 रुपये मिले थे।
चौंकाने वाली बात यह भी है कि आरोपी संदीप सिंह ड्रग तस्करी में भी शामिल था और उसे ड्रोन के जरिए भेजी गई 1 किलो हेरोइन की सप्लाई के लिए 50,000 रुपये मिले थे।
पुलिस ने दोनों मामलों में आधिकारिक गुप्त अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां अब इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन खंगालने में जुटी हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0