काम से लौट रहे तीन बाइक सवारों की मौके पर मौत, आरोपी चालक गाड़ी समेत फरार
काम से लौट रहे तीन बाइक सवारों की मौके पर मौत, आरोपी चालक गाड़ी समेत फरार
ख़बर ख़ास | पंजाब
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में हाहाकार मचा दिया। हिंदूपुर गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई और मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, हादसा फतेहगढ़ साहिब के हिंदूपुर गांव के नजदीक देर रात हुआ। तीनों व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपना काम खत्म करने के बाद अपने गांव बीबीपुर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक तीनों दम तोड़ चुके थे।
मृतकों की पहचान अवतार सिंह, सतविंदर सिंह और मोहन सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों की उम्र करीब 45 से 55 वर्ष के बीच थी और वे सभी शादीशुदा थे। उनके परिवारों में पत्नी और बच्चे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के सदस्य और गांव के लोग मौके पर पहुंच गए, जहां माहौल बेहद गमगीन हो गया।
मामले की जानकारी देते हुए बादली अला सिंह थाना के एएसआई राम सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस हादसे के बाद गांव बीबीपुर में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को इंसाफ मिल सके।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0