नीति आयोग की रिपोर्ट में पंजाब की शिक्षा क्रांति, स्कूल ऑफ एमिनेंस और बेहतर लर्निंग आउटकम को मिली बड़ी मान्यता
नीति आयोग की रिपोर्ट में पंजाब की शिक्षा क्रांति, स्कूल ऑफ एमिनेंस और बेहतर लर्निंग आउटकम को मिली बड़ी मान्यता
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
पंजाब स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में देश का सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला राज्य बनकर उभरा है। नीति आयोग की एजुकेशन क्वालिटी रिपोर्ट 2026 के अनुसार पंजाब ने बुनियादी शिक्षा के कई प्रमुख मानकों पर लंबे समय से अग्रणी रहे केरल को पीछे छोड़ दिया है। यह उपलब्धि राज्य के सरकारी स्कूलों में आए बड़े बदलाव और शिक्षा सुधारों का परिणाम मानी जा रही है।
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इस उपलब्धि को पंजाब के शिक्षा क्षेत्र के नए दौर की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का है जिन्होंने सरकारी स्कूलों पर भरोसा बनाए रखा। उन्होंने कहा कि मजबूत नीतियों और सही क्रियान्वयन के कारण यह ऐतिहासिक परिणाम सामने आया है।
रिपोर्ट के अनुसार, कक्षा 3 में भाषा विषय में पंजाब ने 82 प्रतिशत और गणित में 78 प्रतिशत दक्षता दर्ज की, जबकि केरल का प्रदर्शन क्रमशः 75 प्रतिशत और 70 प्रतिशत रहा। वहीं कक्षा 9 के गणित परिणामों में पंजाब ने 52 प्रतिशत अंक हासिल किए, जो केरल के 45 प्रतिशत से काफी अधिक हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में कोविड महामारी के बाद शुरू किए गए मिशन समर्थ और स्कूल ऑफ एमिनेंस कार्यक्रमों ने जमीनी स्तर पर बड़े बदलाव किए हैं।
रिपोर्ट में पंजाब के सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे में हुए सुधारों की भी सराहना की गई है। राज्य के लगभग 99.9 प्रतिशत सरकारी स्कूलों में बिजली की सुविधा उपलब्ध है, जबकि 99 प्रतिशत स्कूलों में कार्यशील कंप्यूटर हैं। 80 प्रतिशत से अधिक स्कूल स्मार्ट क्लासरूम से लैस हैं। छात्र-शिक्षक अनुपात भी सुधरकर 22:1 हो गया है। इसके अलावा कक्षा 10 के 90 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी अब कक्षा 11 में दाखिला ले रहे हैं, जिससे ड्रॉपआउट दर में बड़ी कमी आई है।
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि नीति आयोग ने शिक्षा में शहरी और ग्रामीण अंतर कम करने तथा गांवों और लड़कियों को समान अवसर देने के लिए भी पंजाब की सराहना की है। उन्होंने बताया कि राज्य में अपनाए गए वैश्विक शिक्षण मॉडल का असर प्रतियोगी परीक्षाओं में भी दिख रहा है। अब तक 786 सरकारी स्कूल विद्यार्थियों ने जेईई मेन और 1,284 विद्यार्थियों ने नीट परीक्षा पास की है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने अब तक करीब 13 हजार शिक्षकों और कर्मचारियों की भर्ती की है, लगभग तीन लाख विद्यार्थियों के लिए इंग्लिश एज प्रोग्राम शुरू किया है और राज्यभर में 118 स्कूल ऑफ एमिनेंस स्थापित किए हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0