नेरवा से पांवटा साहिब जाते समय हुआ हादसा, सीएम ने दिए एयरलिफ्ट करने के निर्देश
नेरवा से पांवटा साहिब जाते समय हुआ हादसा, सीएम ने दिए एयरलिफ्ट करने के निर्देश
खबर खास, शिमला :
एचआरटीसी यानि हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस के मंगलवार सुबह उत्तराखंड के कवानू क्षेत्र में खाई में गिरने से चार यात्रियों की मौत हो गई जबकि दस यात्रियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। घायलों का उत्तराखंड के विकासनगर, देहरादून और हिमाचल के पांवटा साहिब अस्पताल में उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक नेरवा डिपो की बस सुबह साढ़े नौ बजे नेरवा से पांवटा सहिब की ओर जाते हुए हादसा ग्रस्त हो गई। बस जब हरिपुर-कोटी-मीनस सड़क पर पहुंची तो कवानू में दूसरी गाड़ी को पास देते समय बस अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरे शूदोई खड्ड में जा गिरी। इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस के कंडक्टर ने फोन से पुलिस को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद, हिमाचल और उत्तराखंड पुलिस, एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायलों को बस से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती करवाया जा रहा है। 10 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा ने बताया कि जिस जगह बस गिरी है, वहां डंगा धंसा हुआ है। अंदेशा है कि दूसरी गाड़ी को पास देते वक्त हादसा हुआ है। हादसे के समय बस में 31 से 34 यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि बस में हिमाचल और उत्तराखंड दोनों राज्यों के यात्री सवार थे। मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल है।
मृतकों में यास्मीन बैगम (46), ऋचा (30), धन बहादुर व दिनेश कुमार (54) सभी निवासी नेरवा, की मौत हो गई।
जबकि नेरवा के केवल राम, उत्तराखंड के श्याम सिंह चौहान, नेरवा की निशा, नेरवा की प्रगति, नेरवा की अंजना, नेरवा के ईश्वर शर्मा, नेरवा के बंशुल, नेरवा निवासी हस्सैन अली, बिहार के विनोद कुमार और बिहार के कृष्ण कुमार गंभीर रूप से घायल है, जबकि उत्तराखंड के बलवीर को हल्की चोटें आई है।
सीएम ने एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए
हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने स्वयं डीसी शिमला को फोन कर हादसे की जानकारी ली। सीएम ने घायलों के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज उपलब्ध करवाने को कहा।
सीएम ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही संबंधित प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0