सिख गुरुओं की विरासत को सहेजने और श्रद्धालुओं के लिए योजनाओं पर सरकार कर रही ऐतिहासिक कार्य
सिख गुरुओं की विरासत को सहेजने और श्रद्धालुओं के लिए योजनाओं पर सरकार कर रही ऐतिहासिक कार्य
ख़बर खास | हरियाणा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए सिख समाज द्वारा दी गई कुर्बानियां पूरे देश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि सिख एक वीर और बहादुर कौम है, जिसने धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, लेकिन कभी भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। मुख्यमंत्री शनिवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में सिख संगत द्वारा आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सिख संगत ने मुख्यमंत्री को कृपाण और सरोपा भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी से लेकर दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी तक सभी गुरुओं ने समाज को सेवा, समानता और साहस का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी और चार साहिबजादों का बलिदान भारतीय इतिहास में अद्वितीय है और यह देश की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सिख गुरुओं की धरोहर और स्मृतियों को संरक्षित करने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए जा रहे हैं। स्वदेश दर्शन योजना के तहत धार्मिक सर्किटों का विकास किया जा रहा है, जिससे तीर्थ स्थलों को नई पहचान मिल रही है। इसके अलावा करतारपुर कॉरिडोर और विशेष हवाई सेवाओं जैसी परियोजनाएं भी श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा साबित हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार ने भी सिख गुरुओं के सम्मान में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। यमुनानगर मेडिकल कॉलेज और अंबाला पॉलिटेक्निक कॉलेज का नाम श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर रखा गया है। टोहाना-जींद-धमतान साहिब मार्ग का नाम भी उनके नाम पर समर्पित किया गया है। इसके साथ ही कई शैक्षणिक संस्थानों और स्मारकों का नाम साहिबजादों और सिख महान विभूतियों के नाम पर रखा गया है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए ‘स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा योजना’ के तहत वित्तीय सहायता दी जा रही है और नांदेड़, पटना साहिब, हेमकुंड साहिब जैसे तीर्थ स्थलों के लिए विशेष ट्रेनों की सुविधा भी शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सिख गुरुओं के आदर्शों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0