मामूली सर्जरी के बाद तेजी से हो रहा है स्वास्थ्य में सुधार, डॉक्टरों से मुलाकात कर लिया हालचाल; समर्थकों ने की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
मामूली सर्जरी के बाद तेजी से हो रहा है स्वास्थ्य में सुधार, डॉक्टरों से मुलाकात कर लिया हालचाल; समर्थकों ने की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
खबर खास | कोलकाता
दिग्गज अभिनेता और भाजपा के वरिष्ठ नेता मिथुन चक्रवर्ती की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मामूली सर्जरी की गई। शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि अभिनेता की हालत अब स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
अस्पताल से बाहर निकलने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मिथुन चक्रवर्ती की गुरुवार रात एक छोटी सर्जरी हुई थी। उन्होंने कहा कि सर्जरी पूरी तरह सफल रही है और फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है। अधिकारी के अनुसार मिथुन ने स्वयं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य और उन्हें फोन कर अपने स्वास्थ्य की जानकारी दी थी, लेकिन उन्होंने इस पूरे मामले को सार्वजनिक नहीं करना चाहा था।
सुवेंदु अधिकारी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अस्पताल में हुई मुलाकात की तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने लिखा कि उन्होंने मिथुन चक्रवर्ती का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने डॉक्टरों से भी मुलाकात कर इलाज और स्वास्थ्य संबंधी अपडेट लिया।
मुख्यमंत्री ने मिथुन चक्रवर्ती को बंगाल की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनकी पहचान केवल एक राजनेता तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा में मिथुन का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है और पश्चिम बंगाल में भाजपा के राजनीतिक विस्तार में भी उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है। अधिकारी ने कहा कि मिथुन ने हर दौर में पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम किया और जनता के बीच उनकी लोकप्रियता आज भी बरकरार है।
गौरतलब है कि मिथुन चक्रवर्ती पहले तृणमूल कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं, लेकिन वर्ष 2016 में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने संसद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा और लोकसभा चुनावों से लेकर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव तक पार्टी के स्टार प्रचारक के रूप में अहम भूमिका निभाई।
हाल के वर्षों में स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना करने के बावजूद मिथुन चक्रवर्ती लगातार फिल्मों और राजनीति दोनों में सक्रिय रहे हैं। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद देशभर से उनके प्रशंसकों और भाजपा नेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होकर फिर से सक्रिय जीवन में लौटने की कामना की है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0