नवांशहर रेलवे क्रॉसिंग पर RUB, करियम अंडरपास, बसियाला फाटक पर सुरक्षा इंतजाम और श्री चमकौर साहिब व बलाचौर को रेल नेटवर्क से जोड़ने की उठाई मांग।
नवांशहर रेलवे क्रॉसिंग पर RUB, करियम अंडरपास, बसियाला फाटक पर सुरक्षा इंतजाम और श्री चमकौर साहिब व बलाचौर को रेल नेटवर्क से जोड़ने की उठाई मांग।
खबर खास | नई दिल्ली
श्री आनंदपुर साहिब से आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पंजाब से जुड़े लंबे समय से लंबित रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर और जनसुरक्षा संबंधी मुद्दों पर तीन अलग-अलग ज्ञापन सौंपे।
मुलाकात के दौरान सांसद कंग ने रेल मंत्री का पंजाब के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के लिए आभार जताया और भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराने में हरसंभव सहयोग करेगी।
बैठक में कंग ने शहीद भगत सिंह नगर जिले के राहों–घाकूवाल–करियम रोड स्थित नवांशहर रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे अंडर ब्रिज (RUB) के निर्माण को मंजूरी देने की मांग की।
उन्होंने बताया कि यह रेलवे फाटक यात्रियों, किसानों, व्यापारियों, स्कूली बच्चों और आपातकालीन सेवाओं के लिए बड़ी समस्या बन चुका है। यहां अक्सर लंबा जाम लगता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना था कि RUB बनने से यातायात सुगम होगा, आसपास की सड़कों पर दबाव कम होगा और लोगों को सुरक्षित एवं बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
सांसद कंग ने करियम रोड रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने की मांग भी उठाई। उन्होंने बताया कि यह रेलवे फाटक प्रतिदिन लगभग आठ से दस घंटे तक बंद रहता है, जिससे राहों, घाकोवाल, करियम, बेली, बड़ा पिंड, भाऊवाल और तप्परियां बास सहित कई गांव प्रभावित होते हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक फाटक बंद रहने से एम्बुलेंस सेवाएं, दैनिक आवागमन और कृषि कार्य प्रभावित होते हैं। इसलिए यह परियोजना क्षेत्र की जनता के लिए बेहद जरूरी है।
कंग ने होशियारपुर जिले के गढ़शंकर स्थित गांव बसियाला के रेलवे क्रॉसिंग C-62 (41-42) का मुद्दा भी रेल मंत्री के सामने रखा। उन्होंने इस क्रॉसिंग पर तत्काल रेलवे कर्मचारियों की तैनाती, पूर्ण रूप से मैनिंग और सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि इस रेलखंड पर ट्रेन सेवाएं दोबारा शुरू होने और विद्युतीकरण पूरा होने के बाद बिना कर्मचारियों वाला यह फाटक स्कूली बसों, एम्बुलेंस, कृषि मशीनरी और आम यात्रियों के लिए गंभीर सुरक्षा खतरा बन गया है।
सांसद कंग ने श्री चमकौर साहिब को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की लंबे समय से लंबित मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि बड़े साहिबजादों की शहादत से जुड़े इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल का देशभर में विशेष महत्व है, लेकिन आज तक यहां रेल संपर्क उपलब्ध नहीं हो पाया है। उन्होंने रेल मंत्रालय से इस दिशा में जल्द कदम उठाने की अपील की।
इसके अलावा उन्होंने श्री आनंदपुर साहिब संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्र बलाचौर को भी रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की मांग की। उनका कहना था कि रेल संपर्क मिलने से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मुलाकात के बाद सांसद मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनकी सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर विचार करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पंजाब की जनता से जुड़े ये लंबे समय से लंबित रेल प्रोजेक्ट्स जल्द स्वीकृति प्राप्त करेंगे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0