सुंदरकांड पाठ और हनुमान आरती के बाद अभियान का शुभारंभ; निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
सुंदरकांड पाठ और हनुमान आरती के बाद अभियान का शुभारंभ; निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
खबर खास । नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार को दिल्ली के रोहिणी स्थित जापानी पार्क में सुंदरकांड पाठ और हनुमान जी की आरती के बाद श्री राम मंदिर से जुड़े कथित 'चंदा चोरी' के आरोपों को लेकर देशव्यापी हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। अभियान का शुभारंभ AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित पत्र पर हस्ताक्षर कर किया।
पार्टी के अनुसार, कार्यक्रम में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने भी इस पत्र पर हस्ताक्षर किए। अरविंद केजरीवाल ने देशभर के समर्थकों से अपने-अपने क्षेत्रों में हनुमान चालीसा का पाठ, हनुमान आरती और सुंदरकांड का आयोजन कर अधिक से अधिक हस्ताक्षर जुटाने की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि श्री राम मंदिर से जुड़े मामलों में भूमि खरीद, निर्माण कार्यों में कथित कमीशनखोरी और श्रद्धालुओं के चंदे में कथित अनियमितताओं जैसी घटनाओं ने करोड़ों राम भक्तों की भावनाओं को आहत किया है। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों को संरक्षण दिया जा रहा है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के तहत सबसे कड़ी कार्रवाई की जाए और किसी भी दोषी को बचाया न जाए।
कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ AAP नेता मनीष सिसोदिया ने भी कहा कि इन आरोपों से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था प्रभावित हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री से स्वतंत्र जांच कराने और सच्चाई देश के सामने लाने की मांग की।
इस दौरान अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने सुंदरकांड और हनुमान चालीसा के पाठ में हिस्सा लिया। पार्टी ने बताया कि अब इस हस्ताक्षर अभियान को देशभर में विस्तारित किया जाएगा, जहां कार्यकर्ता धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों से हस्ताक्षर कराएंगे और प्रधानमंत्री को संबोधित पत्र भेजेंगे।
AAP द्वारा जारी पत्र में श्री राम जन्मभूमि से जुड़े प्रबंधन पर श्रद्धालुओं के चंदे की सुरक्षा में कथित विफलता का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की गहन जांच और जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।
नोट: श्री राम मंदिर में कथित वित्तीय अनियमितताओं और 'चंदा चोरी' के आरोप आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा लगाए गए हैं। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और किसी भी प्रकार की कानूनी जिम्मेदारी या दोष का निर्धारण संबंधित जांच एजेंसियों और न्यायिक प्रक्रिया के निष्कर्षों के बाद ही होगा।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0