1215 एमडीएमए गोलियां, 263 ग्राम कोकीन, 82 ग्राम आईसीई, 1.2 किलो टीएचसी वेरिएंट, 16 ग्राम मैजिक मशरूम और 400 ग्राम अफीम बरामद गिरफ्तार आरोपी ट्राइसिटी क्षेत्र और लुधियाना में शहरी युवाओं को विदेशी मूल के पार्टी ड्रग्स की करते थे सप्लाई: डीजीपी
1215 एमडीएमए गोलियां, 263 ग्राम कोकीन, 82 ग्राम आईसीई, 1.2 किलो टीएचसी वेरिएंट, 16 ग्राम मैजिक मशरूम और 400 ग्राम अफीम बरामद गिरफ्तार आरोपी ट्राइसिटी क्षेत्र और लुधियाना में शहरी युवाओं को विदेशी मूल के पार्टी ड्रग्स की करते थे सप्लाई: डीजीपी
खबर खास, चंडीगढ़ :
अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी के संगठित नेटवर्क को बड़ा झटका देते हुए पंजाब पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने ट्राइसिटी क्षेत्र और लुधियाना में सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय नारकोटिक्स नेटवर्क का भंडाफोड़ कर इसके छह प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी विशेष रूप से शहरों में रहने वाले युवाओं को निशाना बनाकर विदेशी मूल के पार्टी ड्रग्स की सप्लाई करते थे। यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान रिशव, मुकेश कुमार, लखविंदर सिंह, रवि कुमार, बलजिंदर सिंह और तलविंदर सिंह के रूप में हुई है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह देश में एमडीएमए टैबलेट की सबसे बड़ी बरामदगियों में से एक है।
उन्होंने बताया कि जब्त किए गए नशीले पदार्थों में 1,215 एमडीएमए टैबलेट, 263 ग्राम कोकीन, 82 ग्राम मेथामफेटामाइन (आईसीई), विभिन्न वेरिएंट में 1.2 किलोग्राम टीएचसी, 16 ग्राम मैजिक मशरूम और 400 ग्राम अफीम शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 9 लाख रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की गई है।
डीजीपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह सिंडिकेट एयर कोरियर चैनलों के माध्यम से विदेशों से नशीले पदार्थ मंगवाता था और आगे सप्लाई तथा पकड़े जाने से बचने के लिए एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करता था। मामले में आगे-पीछे के लिंक का पता लगाने और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।
कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए एआईजी एएनटीएफ अश्वनी गोटीयाल ने बताया कि उन्हें खुफिया सूचना मिली थी कि रिशव नामक एक ड्रग सप्लायर खरड़ के एक अपार्टमेंट से क्लब और पार्टी सर्किट में नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहा है, जो मुख्य रूप से ट्राइसिटी क्षेत्र के युवाओं को बेचे जा रहे थे।
प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से उक्त स्थान पर छापा मारा, जहां से संदिग्ध रिशव को 1,215 एमडीएमए टैबलेट, 155 ग्राम कोकीन, 82 ग्राम आईसीई, 10 वेरिएंट में 973 ग्राम टीएचसी, 16 ग्राम मैजिक मशरूम, 400 ग्राम अफीम और 3 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया गया।
एआईजी ने बताया कि आगे की जांच में लुधियाना में एक बड़े डिस्ट्रीब्यूशन मॉड्यूल का खुलासा हुआ, जो ट्राइसिटी क्षेत्र के लिए मुख्य सप्लाई और पुनः वितरण केंद्र के रूप में काम कर रहा था। इसके बाद की गई छापेमारी में मुख्य आरोपी मुकेश कुमार, लखविंदर सिंह, रवि कुमार, बलजिंदर सिंह और तलविंदर सिंह को 108 ग्राम कोकीन, 278 ग्राम टीएचसी और 6 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया गया।
एआईजी अश्वनी गोटियाल ने कहा कि छापेमारी के दौरान जब्त किए गए कई नशीले पदार्थ वैश्विक स्तर पर अत्यंत घातक और खतरनाक माने जाते हैं। इनके गंभीर मानसिक और शारीरिक प्रभावों के कारण मूल देशों में इनके सेवन के खिलाफ विभिन्न सार्वजनिक स्वास्थ्य परामर्श और प्रवर्तन चेतावनियां जारी की गई हैं।
इस संबंध में एसएएस नगर के पुलिस थाना एएनटीएफ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18, 20, 21, 22, 22 (सी), 27 और 29 के तहत एफआईआर नंबर 4 दिनांक 27.02.2026 दर्ज की गई है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0