सावन के तीसरे सोमवार पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच अचानक बिगड़े हालात, बिजली का पोल गिरने और अफवाह के बाद मची अफरा-तफरी
सावन के तीसरे सोमवार पर उमड़ी भारी भीड़ के बीच अचानक बिगड़े हालात, बिजली का पोल गिरने और अफवाह के बाद मची अफरा-तफरी
बिहार के लखीसराय स्थित प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई, जिसमें सात महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल सहित आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार के अनुसार, श्रद्धालुओं की कतार अशोकधाम हॉल्ट तक पहुंच गई थी। इसी दौरान वहां दो ट्रेनों के रुकने से भीड़ अचानक बढ़ गई। प्रशासन के मुताबिक, पुरुष श्रद्धालुओं की कतार के पास अचानक एक बिजली का पोल गिर गया। इसके बाद यह अफवाह फैल गई कि बिजली का तार लोगों के ऊपर गिर गया है, जबकि वह बिजली का लाइव तार नहीं बल्कि केबल था। अफवाह के कारण श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई और भीड़ का दबाव महिलाओं की कतार की ओर बढ़ गया।
हालात बिगड़ने के दौरान एक तरफ की बैरिकेडिंग भी टूट गई। इसके बाद कई श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े और देखते ही देखते भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। प्रशासन का कहना है कि घटना बेहद तेजी से हुई और कुछ ही मिनटों में हालात नियंत्रण से बाहर हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाली सभी सात श्रद्धालु महिलाएं हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रशासन ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल, एंबुलेंस और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पहले से मौजूद थीं। हादसे के बाद अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल में मोर्चा संभाल लिया है।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित और त्वरित इलाज के निर्देश दिए हैं। सरकार की ओर से राहत और चिकित्सा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है। हादसे की परिस्थितियों, भीड़ प्रबंधन और भगदड़ की वजह को लेकर अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0