बैंकॉक के पास स्कूल में छात्र ने चलाई गोलियां, तीन शिक्षक और तीन छात्रों की जान गई, मामले की जांच जारी
बैंकॉक के पास स्कूल में छात्र ने चलाई गोलियां, तीन शिक्षक और तीन छात्रों की जान गई, मामले की जांच जारी
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के बाहरी इलाके नोनथाबुरी जिले के देबसिरिन स्कूल में शुक्रवार सुबह गोलीबारी की घटना हुई। इस घटना में तीन शिक्षकों और तीन छात्रों समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे हुई, जब एक छात्र ने स्कूल परिसर में अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। गोली चलने के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और छात्र व शिक्षक सुरक्षित जगहों की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, इस घटना में 15 लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के बाद आरोपी छात्र ने खुद को भी गोली मार ली। उसकी हालत गंभीर है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि छात्र ने बंदूक अपने परिवार के किसी सदस्य से ली थी।
घटना के बाद एंबुलेंस और राहत दल ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना का लाइव प्रसारण या वीडियो साझा न करें।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने घटना पर दुख जताया है और अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज तथा पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
एक प्रत्यक्षदर्शी छात्र ने बताया कि गोलियों की आवाज सुनते ही सभी छात्र एक कक्षा में छिप गए। कुछ समय बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
गौरतलब है कि इसी वर्ष फरवरी में भी थाईलैंड के एक स्कूल में गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसमें एक शिक्षक की मौत और एक छात्र घायल हुआ था। उस घटना के बाद भी स्कूलों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठे थे।
थाईलैंड में बड़ी संख्या में लोगों के पास लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी हथियार मौजूद हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद देश में हथियारों से जुड़े कानूनों को और सख्त बनाने की मांग फिर तेज हो गई है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0