10 बड़े क्लबों की जांच में सामने आईं गंभीर खामियां, कई किचन में गंदगी और कॉकरोच; कुछ जगहों को नोटिस, एक किचन कराया गया बंद
10 बड़े क्लबों की जांच में सामने आईं गंभीर खामियां, कई किचन में गंदगी और कॉकरोच; कुछ जगहों को नोटिस, एक किचन कराया गया बंद
बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर के नामी क्लबों और बड़े प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए व्यापक अभियान चलाया। जांच के दौरान कई जगहों पर खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता और किचन की साफ-सफाई को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई। अधिकारियों को एक्सपायर हो चुका मीट, फंगस लगा मांस, सड़ी-गली सब्जियां और खराब हालत में रखे खाद्य पदार्थ मिले। कुछ किचन में कॉकरोच भी पाए गए।
फूड सेफ्टी अधिकारियों ने बेंगलुरु के करीब 10 प्रमुख क्लबों की जांच की, जिनमें बॉरिंग क्लब, सेंचुरी क्लब, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) क्लब और महालक्ष्मी लेआउट क्लब शामिल हैं। जांच के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कम से कम दो स्थानों को नोटिस जारी किया गया।
चिन्नास्वामी स्टेडियम क्लब की कैंटीन में अधिकारियों को एक्सपायर हो चुकी मछली मिली। वहीं, अरहर दाल के स्टॉक पर पैकिंग या स्टोरेज की तारीख दर्ज नहीं थी। कैंटीन के किचन में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इन खामियों के चलते कैंटीन को नोटिस जारी किया गया।
इसके अलावा बेंगलुरु के 5 स्टार होटलों, क्लबों और रेस्टोरेंट में भी हाल ही में बड़े स्तर पर खाद्य सुरक्षा जांच की गई। इस दौरान अधिकारियों को बड़ी मात्रा में खराब और एक्सपायर खाद्य सामग्री मिली। कई जगहों पर किचन की साफ-सफाई बेहद खराब थी और कॉकरोच की मौजूदगी भी सामने आई। गंभीर लापरवाही मिलने पर कुछ प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए, जबकि कुछ जगहों को बंद करने के निर्देश दिए गए।
फूड सेफ्टी अधिकारियों के मुताबिक, बेंगलुरु के करीब 60 होटलों की जांच के दौरान खाने-पीने की चीजों के 77 सैंपल लिए गए। कार्रवाई में लगभग 640 किलो खराब मीट, 276 किलो सड़ी-गली सब्जियां और बड़ी मात्रा में असुरक्षित खाद्य उत्पाद जब्त कर नष्ट किए गए।
UB सिटी में हुई जांच के दौरान भी खाद्य सुरक्षा की गंभीर खामियां सामने आईं। यहां करीब 45 किलो फंगस लगा हुआ सड़ा चिकन और बीफ, 6 किलो वेजिटेबल कटलेट और करीब 15 लीटर बार-बार इस्तेमाल किया गया कुकिंग ऑयल बरामद हुआ। किचन में गंदगी और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को देखते हुए अधिकारियों ने इसे तत्काल बंद करा दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से बेंगलुरु के क्लबों, होटलों और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और किचन की साफ-सफाई को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0