बारिश ने दिलाई उमस और गर्मी से राहत, जलभराव से बढ़ी परेशानी; IGI एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन भी प्रभावित
बारिश ने दिलाई उमस और गर्मी से राहत, जलभराव से बढ़ी परेशानी; IGI एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन भी प्रभावित
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार के बाद शनिवार सुबह एक बार फिर झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। नोएडा समेत एनसीआर के कई इलाकों में हुई तेज बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। जन्माष्टमी के दिन हुई बारिश के बाद शनिवार सुबह भी मौसम सुहाना नजर आया। हालांकि, लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को राजधानी में हुई तेज बारिश का असर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी देखने को मिला। पालम क्षेत्र में 75.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद टर्मिनल-2 और टर्मिनल-3 के फोरकोर्ट में पानी भर गया। टर्मिनल-3 के बाहर हालात इतने बिगड़ गए कि पानी मुख्य इमारत के गेट तक पहुंच गया और करीब एक फुट तक जलभराव हो गया। इसका सीधा असर हवाई सेवाओं पर पड़ा।
भारी बारिश के चलते दिल्ली आने वाली 11 उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा, जबकि करीब 400 उड़ानें देरी से संचालित हुईं। बताया गया कि आगमन की लगभग 60 प्रतिशत और प्रस्थान की करीब 90 प्रतिशत उड़ानें प्रभावित रहीं। कई यात्रियों को करीब 40 मिनट से एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
दिल्ली में शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे बारिश शुरू हुई और इसके बाद लगभग दो घंटे तक तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा। महज आधे घंटे में टर्मिनल-3 के फोरकोर्ट में पानी जमा होना शुरू हो गया। बारिश बढ़ने के साथ जलभराव भी बढ़ता गया और पानी टर्मिनल की मुख्य इमारत के प्रवेश द्वार तक पहुंच गया। फोरकोर्ट में करीब एक फुट पानी भरने से यात्रियों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई।
जलभराव की स्थिति को देखते हुए यात्रियों को कुछ समय के लिए एयरसाइड जाने से रोकना पड़ा। वहीं, फोरकोर्ट से बाहर निकलने वाले यात्रियों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। कई यात्रियों के जूते तक पानी में भीग गए। एयरपोर्ट परिसर में जलभराव के साथ उड़ानों में देरी ने यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी।
नोएडा में भी शुक्रवार दोपहर बाद हुई बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव देखने को मिला। हालांकि प्रमुख सड़कों पर स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं रही, लेकिन गांवों को जोड़ने वाली सड़कों और अंदरूनी इलाकों में जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी जमा हो गया।
सेक्टर-73 के सर्फाबाद में यदु पब्लिक स्कूल के सामने इंडोर स्टेडियम के पास सड़क पर जलभराव की स्थिति बनी रही। यहां देर शाम तक पानी जमा रहा। इसी तरह सेक्टर-49 के बरौला इलाके में भी कई जगह जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों को परेशानी हुई।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-148 अंडरपास में भी कुछ समय के लिए पानी भर गया। वहीं, सेक्टर-62 में खोड़ा और नोएडा के बीच की सड़क पर जलभराव के कारण कुछ देर तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
बारिश ने जहां दिल्ली-NCR के लोगों को गर्मी से राहत देकर मौसम को खुशनुमा बनाया, वहीं जलभराव और हवाई सेवाओं में व्यवधान ने प्रशासन और यात्रियों के सामने मुश्किलें भी खड़ी कर दीं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0