पंजाब विधानसभा उपचुनाव के नतीजों ने आम आदमी पार्टी में जोश और उत्साह भर दिया है। ‘‘आप’’ ने पंजाब में चार में से तीन विधानसभा सीटों पर शानदार जीत दर्ज किया है। इस जीत के बाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 2013, 2015, 2020 के बाद आम आदमी पार्टी अब 2025 में दिल्ली जीतकर इतिहास रचने जा रही है।
देश की राजनीति में ‘‘केजरीवाल’’ की रेवड़ियों का कमाल, दिल्ली और पंजाब चुनाव के सेमीफाइनल में ‘‘आप’’ की बड़ी जीत
खबर खास, नई दिल्ली :
'पंजाब विधानसभा उपचुनाव के नतीजों ने आम आदमी पार्टी में जोश और उत्साह भर दिया है। ‘‘आप’’ ने पंजाब में चार में से तीन विधानसभा सीटों पर शानदार जीत दर्ज किया है। ' यह कहना है आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का। पंजाब की जीत से उत्साहित केजरीवाल ने कहा कि 2013, 2015, 2020 के बाद आम आदमी पार्टी अब 2025 में दिल्ली जीतकर इतिहास रचने जा रही है। पंजाब का परिणाम दिल्ली चुनाव का सेमी फाइनल है।
उन्होंने कहा कि यह परिणाम 2027 में होने वाले पंजाब चुनाव का भी सेमीफाइनल था। जनता ने बता दिया कि ‘‘आप’’ सरकार अच्छा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘‘आप’’ ने पंजाब में 4 में से 3 सीटों पर भारी मतों के अंतर से जीत दर्ज़ की और इन 3 सीटों पर भाजपा की ज़मानत ज़ब्त हो गईं। बड़ी बात यह भी है कि ये तीनों सीटें पहली बार ‘‘आप’’ ने जीती है। 2022 की आंधी में भी इन्हें हम नहीं जीत पाए थेे। इसी के साथ अब पंजाब मे हमारी 95 सीटें हो गई है। इस दौरान सांसद राघव चड्ढा, पूर्व कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन, पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा और विधायक जरनैल सिंह समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
पंजाब में ‘‘आप’’ ने जो तीन सीटें जीती हैं, उन पर भाजपा की जमानत जब्त हो गई है- केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि आज पंजाब में चार सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आए हैं। चार में से तीन सीटें आम आदमी पार्टी भारी बहुमत से जीत गई है। खास बात यह है कि जो तीन सीटें हम जीते हैं, यह इसके पहले हमारी सीटें नहीं थीं। यह तीनों पहली बार जीते हैं। 2022 की आंधी में भी यह तीनों सीट हम नहीं जीते थे। 2022 में जनता ने आम आदमी पार्टी को 117 में से 92 सीटें दी थीं। आज पंजाब के अंदर हमारी 94 सीटें हो गई हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि इन तीनों सीटों के ऊपर भाजपा की जमानत जब्त हो गई है।
पहली बार दिल्ली में हमारी 49 दिन की सरकार बनी और हमने बिजली सस्ती और पानी मुफ्त कर दिल्ली मॉडल ऑफ गवर्नेंस की एक झलक पेश की- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने जिस तरह से देश की राजनीति में धमक की है, वह एक बहुत बड़ी बात है। पहली बार दिल्ली के लोगों ने हमें ढेर सारा प्यार दिया, विश्वास दिया और 2013 में दिसंबर में 49 दिन की हमारी सरकार बनी थी। उन 49 दिन की सरकार में हमने देश को दिल्ली मॉडल ऑफ गर्वनेंस की एक झलक दी थी। हमने 49 दिन में बिजली सस्ती कर दी। पानी मुफ्त कर दिया और दिल्ली में जगह-जगह भ्रष्टाचार के खिलाफ हमला हुआ। उस वक्त अपनी पहली बार 70 में से 28 सीट आई थी। उसको देखकर एक साल बाद 2015 में जनता ने 70 में से 67 सीट दी थी। जो पांच साल हमने काम किया, उसने पूरे देश में दिल्ली मॉडल ऑफ गर्वनेंस को स्थापित किया।
केजरीवाल ने कहा कि एक तरफ हमने आम आदमी, गरीब आदमी, लोअर मिडल और मिडल क्लास के आदमी को महंगाई से छुटकारा दिलाया और उसकी दिन पर दिन की जिंदगी को बेहतर किया। दूसरी तरफ हमने दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी शानदार बनाया। हमारे से पहले दिल्ली मेट्रो 200 किलोमीटर की लाइन बनी थी। हमने सिर्फ 9 साल में 450 किलोमीटर की लाइन बना दी। हमारे से पहले दिल्ली में 65 साल में 62 फ्लाईओवर बने थे। हमने 9 साल में 38 नए फ्लाईओवर बना दिए। पिछले 9 सालों में 10 हजार किलोमीटर की नई सड़कें बनी हैं। 6800 किलोमीटर की सीवर पाइपलाइन, पानी की पाइपलाइन, नालियां डली हैं। दिल्ली का इतना विकास कभी नहीं हुआ। पूरे दिल्ली के अंदर सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट्स लगाई। शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर बनाया है। अब धीरे-धीरे यह बात पूरे देश में फैलने लगी। तो यहां से लोग पंजाब आते-जाते थे। पंजाब के लोगों को पता चला कि दिल्ली में इतना विकास हो रहा है, हमारा भी होना चाहिए।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दो पार्टियों के राज से पंजाब भी बहुत पीड़ित था। कभी ये पार्टी, कभी वो पार्टी। इनका नंबर आता था तो ये लूटते थे। उनका नंबर आता था, तो वो लूटते थे। 2022 में पंजाब ने ऐतिहासिक बहुमत दिया और 117 में से 92 सीट देकर आम आदमी पार्टी को जिताया। यह दिल्ली मॉडल पंजाब पहुंचा और पंजाब में वही सारे काम होने शुरु हो गए, जो दिल्ली में हो रहे थे। अब पंजाब के अंदर लोगों ने इन कामों के ऊपर दूसरी बार मुहर लगाई है। 2022 में 117 में से 92 सीट दी। आज पौने तीन साल के बाद उपचुनाव में फिर से चार में से तीन सीट जिताई हैं। इसका मतलब है कि सरकार अच्छा ही काम कर रही होगी। तभी लोगों ने फिर से जीताया है। मैं तो आज इसको सेमीफाइनल कहूंगा। 2027 का आज सेमीफाइनल हो गया। चार में से तीन सीट देकर पंजाब के लोगों ने कहा कि बहुत अच्छा काम कर रहे हो, लगे रहो, इसी तरह काम करते रहो, 2027 में 92 से भी ज्यादा सीट देंगे।
गिद्दरबाहा में 13 साल से कांग्रेस का कब्जा था, आज आम आदमी पार्टी वहां 22 हजार वोट से जीती है- भगवंत मान
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि आज बड़ी खुशी का दिन है, पंजाब में चार सीटों पर उपचुनाव हुए। संगरूर के बरनाला से हमारे विधायक मीत हेयर एमपी बन गए थे, जिसकी वजह से वह सीट खाली हो गई थी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और गिद्दरबाहा से विधायक राजा वडिंग लुधियाना से एमपी बन गए, जिसकी वजह से वह विधानसभा सीट खाली हो गई थी। डेराबाबा नानक से जो विधायक थे, वे गुरदासपुर से एमपी बन गए और वह विधानसभा सीट भी खाली हो गई। होशियारपुर से हमारे डॉ. राजकुमार चब्बेवाल एमपी बन गए, जिसकी वजह से चब्बेवाल सीट खाली हो गई। इन चार सीटों पर उपचुनाव होने थे, और मैं बड़ी खुशी से बता रहा हूं कि इन चार में से तीन विधानसभा सीटों पर हमें जबरदस्त लीड से जीत मिली है। यह तीनों सीटें आम आदमी पार्टी ने पहली बार जीती हैं। 2022 में जब हमारी आंधी चल रही थी, तब भी नहीं आई थीं, लेकिन अब हमारे काम देखते हुए लोगों ने हमें भारी बहुमत से जिताया। क्योंकि लोगों को अब दिल्ली और पंजाब सरकार के कामों का पता चल गया है।
भगवंत मान ने कहा कि ये लोग अपने ट्रोल मीडिया पर पता नहीं क्या-क्या लिखते रहते हैं। लेकिन अगर झाडू से सफाई करते-करते एक-दो सीक निकल भी जाएं, तो भी झाडू सफाई करता रहता है। वहीं, अगर कमल के फूल में से एक पत्ती निकाल दो तो वह कमल का फूल नहीं रह जाता। अगर पंजे में से एक उंगली निकाल दो तो वह पंजा नहीं रह जाता। हमारा झाडू तो रहेगा और सफाई करता रहेगा। पहले हम इस झाडू से सिर्फ मकान या दुकान साफ करते थे, अब अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में इस झाडू से पूरा हिंदुस्तान साफ किया जाएगा।
Comments 0