जर्मन ऑटो कंपनी जर्मनी में चार प्लांट बंद करने की तैयारी में; वैश्विक प्रतिस्पर्धा और अमेरिकी टैरिफ के दबाव के बीच उत्पादन क्षमता घटाएगी
जर्मन ऑटो कंपनी जर्मनी में चार प्लांट बंद करने की तैयारी में; वैश्विक प्रतिस्पर्धा और अमेरिकी टैरिफ के दबाव के बीच उत्पादन क्षमता घटाएगी
खबर खास | नई दिल्ली
जर्मनी की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी वोक्सवैगन ने लागत कम करने और कंपनी के पुनर्गठन के लिए बड़े स्तर की योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत दुनियाभर में करीब 50 हजार और नौकरियां खत्म होने का खतरा है। कंपनी के बोर्ड ने इस योजना को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य बढ़ती वैश्विक प्रतिस्पर्धा के बीच खर्च कम करना और कंपनी की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।
नई पुनर्गठन योजना के तहत वोक्सवैगन जर्मनी के चार प्रमुख संयंत्रों में वाहन उत्पादन बंद करने की तैयारी कर रही है। इनमें एमडेन, ज्विकाऊ, हनोवर और नेकरज़ुल्म स्थित प्लांट शामिल हैं। कंपनी यूरोप में अपनी विनिर्माण क्षमता को भी कम करेगी, ताकि उत्पादन को बाजार की वास्तविक मांग के अनुरूप किया जा सके।
वोक्सवैगन इस समय कई बड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है। इनमें कम कीमत वाले चीनी वाहन निर्माताओं से बढ़ती प्रतिस्पर्धा, अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ और यूरोप में जरूरत से अधिक उत्पादन क्षमता प्रमुख हैं। इन परिस्थितियों का कंपनी की लाभप्रदता और भविष्य की विकास संभावनाओं पर दबाव बढ़ा है।
वोक्सवैगन में नौकरियों में कटौती का यह पहला मामला नहीं है। कंपनी पहले ही करीब 50 हजार पदों में कटौती पर सहमति जता चुकी है। नई योजना लागू होने के बाद मौजूदा पुनर्गठन कार्यक्रम के तहत प्रभावित होने वाली कुल नौकरियों की संख्या करीब 1 लाख तक पहुंच सकती है।
उद्योग विशेषज्ञों के मुताबिक, यह फैसला तेजी से बदलते वैश्विक ऑटोमोबाइल बाजार की तस्वीर को दर्शाता है। पारंपरिक वाहन कंपनियों पर बदलती उपभोक्ता मांग, इलेक्ट्रिक वाहन निर्माताओं से बढ़ती प्रतिस्पर्धा, व्यापारिक बाधाओं और बढ़ती परिचालन लागत का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
वोक्सवैगन का कहना है कि पुनर्गठन का उद्देश्य कंपनी की कार्यक्षमता में सुधार करना, लागत को नियंत्रित करना और भविष्य में स्थायी विकास के लिए कंपनी को मजबूत आधार देना है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0