हमलावर ग्राहक बनकर सेक्टर-11 स्थित कुमार मेडिकल स्टोर में घुसे, कैशियर को गोली मारकर फरार; पुलिस ने शहरभर में तलाशी अभियान शुरू किया।
हमलावर ग्राहक बनकर सेक्टर-11 स्थित कुमार मेडिकल स्टोर में घुसे, कैशियर को गोली मारकर फरार; पुलिस ने शहरभर में तलाशी अभियान शुरू किया।
खबर खास | चंडीगढ़
शनिवार दोपहर चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित एक मेडिकल स्टोर में हुई दिनदहाड़े फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने मेडिकल स्टोर के अंदर घुसकर गोलीबारी की, जिसमें कैशियर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, तीन हमलावर एक स्कूटर पर सवार होकर कुमार मेडिकल स्टोर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुए और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों के पास अत्याधुनिक हथियार थे और उन्होंने दुकान के अंदर कई राउंड गोलियां चलाईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने करीब सात राउंड फायर किए। गोलीबारी में मेडिकल स्टोर के मैनेजर और कैशियर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कैशियर को मृत घोषित कर दिया। मैनेजर की हालत को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
घटना के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने पूरे बाजार क्षेत्र को सील कर दिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसी बाजार में स्थित कुमार केमिस्ट की एक अन्य शाखा के मालिक को पहले कथित तौर पर गोल्डी बराड़ गैंग की ओर से धमकियां मिली थीं, जिसके बाद उन्हें पुलिस सुरक्षा भी प्रदान की गई थी। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इस फायरिंग घटना का किसी गैंग से संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0