गड्ढे से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर धान के खेत में पलटा वाहन, चारा लेने जा रहे थे पांच लोग; मृतक शामली जिले के रहने वाले
गड्ढे से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर धान के खेत में पलटा वाहन, चारा लेने जा रहे थे पांच लोग; मृतक शामली जिले के रहने वाले
खबर खास | करनाल
करनाल जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कछवा-बहलोलपुर मार्ग पर बहलोलपुर गांव के पास हुआ, जहां महिंद्रा 575 ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे धान के खेत में पलट गई। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे, जो चारा (तूड़ी) लेने के लिए जा रहे थे।
पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हादसा सड़क पर बने एक गड्ढे के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर गड्ढे से टकराने के बाद अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खेत में जा पलटा। ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दबने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। सभी पांचों को उपचार के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, करनाल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान 28 वर्षीय अबरार, 24 वर्षीय खालिद और उनके मामा फजरू के रूप में हुई है। तीनों उत्तर प्रदेश के शामली जिले के सोहनी उमरपुर गांव के निवासी थे। ट्रैक्टर नशाद चला रहा था, जबकि उसके साथ अरशद और सोनू भी सवार थे।
परिजनों के अनुसार, सभी लोग रात करीब 1:30 बजे अपने गांव से निकले थे और बहलोलपुर में तूड़ी लेने जा रहे थे। हादसे में जान गंवाने वाले खालिद की हाल ही में सगाई हुई थी। उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के पैतृक गांव सोहनी उमरपुर में शोक की लहर है। एक साथ तीन लोगों की मौत से परिवार और गांव के लोग गहरे सदमे में हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0