द टाइम्स हायर एजुकेशन मेडिसिन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2026 में पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय ने 251–300 का वैश्विक रैंक बैंड हासिल किया
द टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स बाय सब्जेक्ट 2026 में सीयू पंजाब को मेडिसिन एवं हेल्थ में 251–300, फिजिकल साइंसेज़ में 401–500 तथा लाइफ साइंसेज़ में 601–800 का वैश्विक रैंक बैंड प्राप्त हुआ।
खबर खास, बठिंडा-
पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू पंजाब) ने द टाइम्स हायर एजुकेशन (टीएचई) वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स बाय सब्जेक्ट 2026 में मेडिसिन एवं हेल्थ श्रेणी में उल्लेखनीय वैश्विक स्थान प्राप्त कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय को इस श्रेणी में 251–300 वैश्विक रैंक बैंड में स्थान मिला है तथा रिसर्च क्वालिटी पैरामीटर में 85.2 का उत्कृष्ट स्कोर प्राप्त हुआ है, जो इस श्रेणी में आंकी गई उच्च शिक्षा संस्थाओं के बीच इसकी सशक्त शोध क्षमता को दर्शाता है।
विषय-आधारित वैश्विक रैंकिंग के अंतर्गत, सीयू पंजाब को फिजिकल साइंसेज़ में 401–500 वैश्विक रैंक बैंड तथा लाइफ साइंसेज़ में 601–800 वैश्विक रैंक बैंड में स्थान प्राप्त हुआ है। समग्र रूप से भी विश्वविद्यालय ने टीएचई वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2026 में 601–800 के वैश्विक रैंक बैंड के साथ अपनी सुदृढ़ अंतरराष्ट्रीय उपस्थिति बनाए रखी है।
मेडिसिन एवं हेल्थ श्रेणी में सीयू पंजाब के अतिरिक्त सेविथा इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंसेज़ ही एकमात्र अन्य भारतीय संस्थान है, जिसे 251–300 वैश्विक रैंक बैंड में स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विज्ञान शिक्षण और अनुसंधान के क्षेत्र में सीयू पंजाब के बढ़ते प्रभाव को रेखांकित करती है।
फिजिकल साइंसेज़ वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स 2026 में 401–500 रैंक बैंड में स्थान प्राप्त कर सीयू पंजाब एक विशिष्ट समूह में शामिल हुआ है, जिसमें भारत से केवल सात अन्य उच्च शिक्षा संस्थान वैश्विक शीर्ष 500 में शामिल हैं। इसी प्रकार, लाइफ साइंसेज़ में 601–800 रैंक बैंड के साथ सीयू पंजाब भारत के उन शीर्ष 28 संस्थानों में शामिल है, जिन्हें विश्व के शीर्ष 800 में स्थान प्राप्त हुआ है। इस श्रेणी में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय और भारतीय विज्ञान संस्थान भारतीय संस्थानों का नेतृत्व करते हुए 201–250 वैश्विक रैंक बैंड में शामिल हैं।रैंकिंग का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राघवेंद्र प्रसाद तिवारी ने कहा कि शोध आउटपुट और उद्धरण प्रभाव में सीयू पंजाब की निरंतर प्रगति उसके सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण शोध पारिस्थितिकी तंत्र को दर्शाती है, जिसे प्रतिष्ठित टीएचई रैंकिंग्स 2026 द्वारा मान्यता मिली है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों तथा सभी हितधारकों के सतत और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है तथा उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान में उत्कृष्टता के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को पुनः पुष्ट करती है।
टीएचई वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग्स बाय सब्जेक्ट 2026 में मेडिसिन एवं हेल्थ, फिजिकल साइंसेज़ और लाइफ साइंसेज़ में अग्रणी वैश्विक रैंक बैंड में पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय को शामिल किया जाना विश्वविद्यालय की बढ़ती प्रतिष्ठा, शोध उत्कृष्टता और वैश्विक स्तर पर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा एवं प्रभावशाली अनुसंधान को आगे बढ़ाने की उसकी प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है।
Comments 0