भवानीगढ़ के बिंबर गांव के युधवीर सिंह ने 600 में से 451 अंक हासिल किए, इससे पहले सीए इंटरमीडिएट में भी प्राप्त कर चुके हैं AIR 24
भवानीगढ़ के बिंबर गांव के युधवीर सिंह ने 600 में से 451 अंक हासिल किए, इससे पहले सीए इंटरमीडिएट में भी प्राप्त कर चुके हैं AIR 24
ख़बर ख़ास | पंजाब
पंजाब के संगरूर जिले की भवानीगढ़ तहसील के बिंबर गांव के निवासी युधवीर सिंह ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) फाइनल परीक्षा 2026 में ऑल इंडिया रैंक (एयर) 10 हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) द्वारा घोषित परिणामों में युधवीर ने 600 में से 451 अंक प्राप्त कर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से संबंध रखने वाले युधवीर की सफलता आज प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है। उनके पिता हरपिंदर सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में एक सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता सिमरनजीत कौर गृहिणी हैं। युधवीर अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं।
युधवीर ने अपनी स्कूली शिक्षा हेरिटेज पब्लिक स्कूल, भवानीगढ़ से पूरी की। इसके बाद उन्होंने पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला से दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से बी.कॉम की डिग्री प्राप्त की। पढ़ाई में हमेशा उत्कृष्ट रहने वाले युधवीर को उनके शिक्षकों ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।
अपनी सफलता के बारे में बात करते हुए युधवीर ने बताया कि उन्होंने सीनियर सेकेंडरी के बाद मुख्य रूप से स्व-अध्ययन के माध्यम से तैयारी की। उन्होंने अपनी आर्टिकलशिप का पहला वर्ष केपीएमजी (KPMG) के साथ पूरा किया और बाद में गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स में इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग हासिल की, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।
युधवीर ने कहा कि शुरुआत में कई लोगों को यह विश्वास नहीं था कि एक छोटे से गांव का छात्र देश की सबसे कठिन पेशेवर परीक्षाओं में से एक में इतनी बड़ी सफलता हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी सीए प्रोफेशन को लेकर जागरूकता सीमित है और कई लोग इस कोर्स तथा इसकी चुनौतियों के बारे में पूरी जानकारी नहीं रखते।
पढ़ाई के अलावा युधवीर को यात्रा करना, फिल्में देखना और संगीत सुनना पसंद है। उल्लेखनीय है कि उन्होंने इससे पहले सीए इंटरमीडिएट परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 24 हासिल की थी। अब सीए फाइनल परीक्षा में एयर
10 प्राप्त कर उन्होंने अपने शैक्षणिक और पेशेवर सफर में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0