लगातार हुई बैठकों से संगठन में बदलाव की अटकलें तेज, पंजाब दौरे की तैयारी में जुटे पायलट
लगातार हुई बैठकों से संगठन में बदलाव की अटकलें तेज, पंजाब दौरे की तैयारी में जुटे पायलट
खबर खास | नई दिल्ली
कांग्रेस महासचिव और पंजाब मामलों के प्रभारी सचिन पायलट ने नई दिल्ली में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से अलग-अलग मुलाकात की। इन बैठकों से पंजाब में कांग्रेस की रणनीति को लेकर पार्टी नेतृत्व के स्तर पर नए सिरे से कवायद के संकेत मिले हैं।
पायलट की गांधी परिवार के शीर्ष नेताओं के साथ लगातार हुई इन मुलाकातों को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने हाल ही में पंजाब मामलों की जिम्मेदारी संभाली है। इन बैठकों के बाद पंजाब कांग्रेस में संभावित संगठनात्मक बदलाव और आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए नई रणनीति तैयार किए जाने की अटकलें भी तेज हो गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सचिन पायलट जल्द ही पंजाब का दौरा कर सकते हैं। इस दौरान वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। इन बैठकों में पार्टी संगठन को मजबूत करने, पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात का आकलन करने और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए रणनीतिक रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा होने की संभावना है।
पायलट का प्रस्तावित पंजाब दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि राहुल गांधी के इस महीने के अंत में पंजाब दौरे पर आने की संभावना है। बताया जा रहा है कि पायलट के दौरे को लेकर पंजाब कांग्रेस इकाई के स्तर पर तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।
दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ पायलट की बैठकों पर कांग्रेस के भीतर भी नजरें टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि पंजाब में चुनावी तैयारियों को मजबूत करने के लिए कांग्रेस संगठनात्मक स्तर पर कुछ महत्वपूर्ण कदम उठा सकती है।
पार्टी नेतृत्व का जोर पंजाब में कांग्रेस संगठन को सक्रिय करने, नेताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने पर हो सकता है। ऐसे में पायलट की राहुल और प्रियंका गांधी के साथ हुई बैठकों को पंजाब कांग्रेस के लिए आने वाले दिनों में महत्वपूर्ण फैसलों की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0