‘नशे से जंग, रेवाड़ी के संग’ के संदेश के साथ दौड़ा हरियाणा, मुख्यमंत्री सैनी ने खुद ट्रैक पर उतरकर बढ़ाया युवाओं का हौसला
‘नशे से जंग, रेवाड़ी के संग’ के संदेश के साथ दौड़ा हरियाणा, मुख्यमंत्री सैनी ने खुद ट्रैक पर उतरकर बढ़ाया युवाओं का हौसला
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
नशे के खिलाफ हरियाणा में रविवार को बड़ा जनअभियान देखने को मिला। रेवाड़ी में आयोजित मैराथन में 50 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लेकर नशामुक्त हरियाणा का संदेश दिया। ‘नशे से जंग, रेवाड़ी के संग’ थीम पर आयोजित इस मैराथन को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में आगे आने और खेलों को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा के युवा नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं और उनकी भागीदारी इस अभियान को नई ताकत देगी। उन्होंने कहा कि सरकार नशे की समस्या से निपटने के लिए कानूनी कार्रवाई, जागरूकता, उपचार और पुनर्वास को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेवाड़ी वीरता, मेहनत और देशभक्ति के लिए जाना जाता है। ऐसे क्षेत्र में नशे जैसी सामाजिक बुराई के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे के मुद्दे को राजनीति के नजरिए से नहीं, बल्कि युवाओं और परिवारों के भविष्य से जोड़कर देखा जाना चाहिए।
युवाओं से नशा बेचने वालों की सूचना देने की अपील
मुख्यमंत्री सैनी ने युवाओं से अपील की कि वे नशे की बिक्री या तस्करी की जानकारी सामने लाएं और चुप न रहें। उन्होंने कहा कि एक छोटी-सी सूचना भी किसी युवा की जिंदगी बचाने और किसी परिवार को बर्बाद होने से रोकने में अहम साबित हो सकती है।
उन्होंने हर प्रतिभागी से कम से कम 10 अन्य युवाओं को नशे के नुकसान के बारे में जागरूक करने का आह्वान किया। नशे से प्रभावित लोगों की मदद और नशे की तस्करी की सूचना के लिए 9050891508 टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू किए जाने की जानकारी भी दी गई। नारकोटिक पदार्थों से जुड़ी शिकायतें मानस पोर्टल और 1933 हेल्पलाइन के जरिए भी दर्ज कराई जा सकती हैं। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा देते हुए मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग की शपथ भी दिलाई।
मुख्यमंत्री सैनी खुद दौड़े, विजेताओं को मिले नकद पुरस्कार
मैराथन शुरू होने के बाद मुख्यमंत्री सैनी खुद ट्रैक पर पहुंचे और प्रतिभागियों के साथ दौड़ लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया। ड्रोन के जरिए मैराथन रूट पर फूल बरसाए गए। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सैंड आर्ट और प्रदर्शनी के जरिए भी नशामुक्त हरियाणा का संदेश दिया गया। मुख्यमंत्री ने मैराथन रूट के पास ग्रीन बेल्ट में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
10 किलोमीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में मोनू कुमार ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि धर्मेंद्र दूसरे और रामसंगरूप तीसरे रहे। महिला वर्ग में सरिता पाल पहले, सोनिका दूसरे और नीता रानी तीसरे स्थान पर रहीं। 5 किलोमीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में यश, पंकज और शंकरदयाल ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए। महिला वर्ग में पूजा, सोनिया और नीलम विजेता रहीं।
10 किलोमीटर के विजेताओं को क्रमशः 1 लाख, 50 हजार और 21 हजार रुपये, जबकि 5 किलोमीटर के विजेताओं को 5,100, 3,100 और 2,100 रुपये के नकद पुरस्कार और प्रमाणपत्र दिए गए। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की पैरा-एथलेटिक्स स्वर्ण पदक विजेता और मैराथन की ब्रांड एंबेसडर शर्मिला धनखड़ को भी सम्मानित किया गया।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0