25 जून से घर-घर जाकर फॉर्म भरेंगे BLO, पारदर्शिता के लिए 24×7 टोल-फ्री नंबर 1950 रहेगा सक्रिय
25 जून से घर-घर जाकर फॉर्म भरेंगे BLO, पारदर्शिता के लिए 24×7 टोल-फ्री नंबर 1950 रहेगा सक्रिय
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
पंजाब में मतदाता सूची को और अधिक सटीक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब अनिंदिता मित्रा ने राज्य की पंजीकृत और मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने सभी दलों से अपील की कि वे जल्द से जल्द बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करें, ताकि उन्हें बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ समय रहते प्रशिक्षण दिया जा सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि BLA की भूमिका पूरी प्रक्रिया में बेहद महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि हर चरण में BLO द्वारा BLA के साथ सूचनाएं साझा की जाएंगी, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि BLA-1 की नियुक्ति प्रक्रिया को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
SIR के तहत राज्य में 25 जून 2026 से 24 जुलाई 2026 तक BLO घर-घर जाकर मतदाताओं के फॉर्म भरवाएंगे। इस अभियान के लिए 24,453 BLO, 2,476 सुपरवाइजर, 117 ERO और 234 AERO सहित बड़ा चुनावी अमला तैनात किया गया है। इससे पहले 15 जून से 24 जून तक प्रशिक्षण और अन्य तैयारियों का कार्य पूरा किया जाएगा।
अनिंदिता मित्रा ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हर योग्य नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करना और अयोग्य नामों को हटाना है। उन्होंने दोहरी वोटिंग को गंभीर अपराध बताते हुए चेतावनी दी कि ऐसा करने पर एक वर्ष तक की सजा हो सकती है।
उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 89.58% और शहरी क्षेत्रों में 73% मैपिंग का कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ ही 24 घंटे सक्रिय टोल-फ्री नंबर 1950 भी आम नागरिकों की सहायता के लिए उपलब्ध रहेगा।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अपने सवाल और शंकाएं रखीं, जिनका समाधान करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि पूरी SIR प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से ही पूरी की जाएगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0