ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को मिलेगा बड़ा बल, दशकों से उपेक्षित गांवों को मिलेंगी बेहतर सड़कें और हर मौसम में सुगम आवागमन की सुविधा
ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को मिलेगा बड़ा बल, दशकों से उपेक्षित गांवों को मिलेंगी बेहतर सड़कें और हर मौसम में सुगम आवागमन की सुविधा
ख़बर ख़ास | पंजाब
पंजाब सरकार ने ग्रामीण विकास को नई गति देते हुए संगरूर जिले के लेहरागागा, दिरबा और बाघरोल क्षेत्र में 18.76 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क एवं आधारभूत ढांचा परियोजनाओं का शुभारंभ किया है। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने रविवार को विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ग्रामीण पंजाब की तस्वीर बदलने के लिए लगातार काम कर रही है।
गांव डासका में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने बछुआना से बरेटा तक डासका और बहादुरपुर होते हुए जाने वाली 10.5 किलोमीटर लंबी सड़क को लोगों को समर्पित किया। करीब 7.15 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क को 12 फुट से बढ़ाकर 18 फुट चौड़ा किया गया है, जिससे लंबे समय से चली आ रही यातायात और सुरक्षा संबंधी समस्याओं का समाधान होगा।
इसके अलावा डासका और खत्री वाला को जोड़ने वाली 4 किलोमीटर लंबी नई पक्की सड़क का भी उद्घाटन किया गया, जिस पर 1.27 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं डासका-बहादुरपुर मार्ग पर स्थित डेरा बाबा धौला पीर तक जाने वाली एक किलोमीटर लिंक सड़क का निर्माण 34.50 लाख रुपये की लागत से पूरा किया गया है।
बाघरोल क्षेत्र में भी लगभग 10 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की गई। मंत्री ने बाघरोल से बुजरक और बाघरोल से बुर्ज टिल्ला-खेड़ी नगाइयां तक नई सड़कों के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही बाघरोल और बल्लमगढ़ को जोड़ने वाली सड़क पर 1.16 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि क्षेत्र में करीब 12 किलोमीटर लंबे कच्चे रास्तों को पहली बार पक्का किया जा रहा है। 70 से 80 वर्षों से उपेक्षित इन मार्गों पर 5.25 करोड़ रुपये की लागत से कार्य चल रहा है। इसके अलावा बाघरोल क्षेत्र में लगभग 19 किलोमीटर लंबी विभिन्न सड़क परियोजनाओं पर काम जारी है, जिससे किसानों, व्यापारियों और ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य शहरों और गांवों के बीच विकास का अंतर खत्म करना है तथा प्रत्येक गांव को बेहतर सड़क, परिवहन और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थानीय लोगों ने इन परियोजनाओं का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0