कहा, इन स्टेडियमों को बनाने में आई 1,95,53,18,978 रुपये की लागत।
कहा, इन स्टेडियमों को बनाने में आई 1,95,53,18,978 रुपये की लागत।
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पिछले 5 साल में प्रदेश में 1,95,53,18,978 रुपये की लागत से 32 स्टेडियमों के निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि खेल विभाग के पास कलायत विधानसभा क्षेत्र के गांव बाता में एक राजीव गांधी खेल स्टेडियम स्थित है। इसकी मरम्मत के लिए खेल विभाग द्वारा लोक निर्माण विभाग को 15,03,574 रुपये की राशि जारी की गई है। इस स्टेडियम की मरम्मत का कार्य वर्तमान में प्रगति पर है तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार लगभग 35 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।
कलायत क्षेत्र में स्टेडियम के निर्माण की मांग के संबंध में जिला खेल अधिकारी, कैथल द्वारा व्यवहार्यता रिपोर्ट प्राप्त की गई थी। उस व्यवहार्यता रिपोर्ट के अनुसार नगर समिति द्वारा दिखाई गई भूमि समतल नहीं थी तथा उस पर सफेदा के पेड़ खड़े थे। भूमि का क्षेत्रफल 4 एकड़ नहीं था तथा उस भूमि पर पहले से ही सरकारी कार्यालय बने हुए थे। इसलिए इस स्थान पर स्टेडियम का निर्माण संभव नहीं पाया गया।
मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे। मंत्री ने कहा कि गांव राजौंद में स्टेडियम निर्माण की मांग के संबंध में जिला खेल अधिकारी कैथल द्वारा व्यवहार्यता रिपोर्ट प्राप्त की गई थी। उस व्यवहार्यता रिपोर्ट के अनुसार नगर पालिका राजौंद के सचिव ने अवगत कराया कि स्टेडियम के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है।
मंत्री ने कहा कि गांव तितरम में स्टेडियम निर्माण की मांग के संबंध में जिला खेल अधिकारी कैथल द्वारा व्यवहार्यता रिपोर्ट प्राप्त की गई थी। ग्राम पंचायत तितरम के सरपंच द्वारा स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि दिखाई गई, लेकिन उस भूमि के ऊपर से हाई टेंशन बिजली की लाइन गुजर रही थी तथा वहां अन्य बिजली के तार और खंभे भी लगे हुए थे। इसलिए उक्त स्थल को स्टेडियम के निर्माण के लिए उपयुक्त नहीं पाया गया।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0