40–50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कई जिलों में गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना
40–50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कई जिलों में गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना
ख़बर ख़ास, चंडीगढ़ :
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शनिवार रात से ही कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने 15 मार्च के लिए गरज, तेज हवाओं और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे मौसम का असर कई जिलों में देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने सुबह 9:45 बजे तक गरज, बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। इस दौरान सरदूलगढ़, बुढलाडा, लहरा, मानसा, सुनाम, संगरूर, बरनाला, तपा, धुरी, मालेरकोटला, मूनक, पटरान, समाना, पटियाला, नाभा, राजपुरा, डेराबस्सी, फतेहगढ़ साहिब, अमलोह, मोहाली, तलवंडी साबो, मल्लगढ़, बठलाना, फफरा भाईके, रामपुरा फूल, जैतो और मुक्तसर जैसे इलाकों में मौसम हल्का प्रभावित रह सकता है।
इसके अलावा जलालाबाद, बस्सी पठाना, खन्ना, पायल, चंडीगढ़, खरड़, खमनों, लुधियाना (ईस्ट), चमकौर साहिब, समराला, बाघा पुराना, फरीदकोट, मोगा, फिरोजपुर, जीरा, शाहकोट, पट्टी, सुल्तानपुर लोधी, तरनतारन, खंडूर साहिब, निहाल सिंह वाला, रायकोट, जगराओं, लुधियाना (वेस्ट), फिल्लौर, नकोदर, कपूरथला, बाबा बकाला, अमृतसर, बटाला, अजनाला, डेरा बाबा नानक, गुरदासपुर और पठानकोट में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के नौ जिलों के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला और संगरूर में तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। कुछ जगहों पर हल्की ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे किसानों और आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इस बीच तरनतारन, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, फिरोजपुर और मोगा में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही आंधी और बिजली कड़कने की भी संभावना बनी हुई है। पठानकोट से मोहाली और फतेहगढ़ साहिब तक के इलाकों में हल्की बारिश होने के आसार हैं, जबकि तरनतारन, फिरोजपुर और संगरूर जैसे क्षेत्रों में रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में ऊंचाई पर तेज हवाओं का बहाव सक्रिय है, जिसकी रफ्तार करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच रही है। फिलहाल एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय है, जिसके प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके बाद 17 मार्च की रात से एक और नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम में फिर बदलाव आ सकता है।
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरिंदर पाल सिंह के मुताबिक पंजाब में अगले सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले 24 घंटों तक गर्मी का असर बना रह सकता है, लेकिन इसके बाद अगले पांच दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे मौसम में ठंडक महसूस होगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0