74 से अधिक देशों में आई तकनीकी दिक्कत, 1.3 लाख से ज्यादा यूजर्स ने दर्ज कराई शिकायतें; माइक्रोसॉफ्ट ने माना- रिकवरी के लिए किए जा रहे प्रयास उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं
74 से अधिक देशों में आई तकनीकी दिक्कत, 1.3 लाख से ज्यादा यूजर्स ने दर्ज कराई शिकायतें; माइक्रोसॉफ्ट ने माना- रिकवरी के लिए किए जा रहे प्रयास उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं
खबर खास | वॉशिंगटन
माइक्रोसॉफ्ट के करोड़ों यूजर्स को शुक्रवार को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। कंपनी के माइक्रोसॉफ्ट 365 प्लेटफॉर्म की कई सेवाओं में तकनीकी खराबी आने से आउटलुक (Outlook), माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट (Microsoft Copilot) और अन्य प्रोडक्टिविटी टूल्स प्रभावित हुए। माइक्रोसॉफ्ट ने भी इस समस्या को स्वीकार करते हुए कहा कि सेवाओं को बहाल करने के लिए किए गए बदलाव उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं दे रहे हैं।
आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर (Downdetector) के अनुसार, 12 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे से यूजर्स ने माइक्रोसॉफ्ट 365 में तकनीकी समस्याओं की शिकायतें दर्ज करानी शुरू कर दी थीं। शुरुआत में कुछ देशों से शिकायतें सामने आईं, लेकिन शाम होते-होते प्रभावित यूजर्स की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई।
गुरुवार शाम तक 1.30 लाख से अधिक यूजर्स ने आउटलुक, टीम्स, कोपायलट, एक्सचेंज ऑनलाइन और शेयरपॉइंट जैसी सेवाओं को इस्तेमाल करने में परेशानी की शिकायत की थी।
डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, 13 नवंबर तक यह आउटेज 74 से अधिक देशों में फैल चुका था।
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि इस तकनीकी खराबी के कारण यूजर्स को माइक्रोसॉफ्ट 365 की कई सेवाओं से जुड़ने में दिक्कत आ रही है। इनमें विशेष रूप से एक्सचेंज ऑनलाइन और ईमेल से जुड़ी सुविधाएं प्रभावित हुई हैं।
यूजर्स ने आउटलुक वेब, डेस्कटॉप एप्लिकेशन और अन्य माध्यमों से अपने मेलबॉक्स तक पहुंचने में परेशानी की शिकायत की। इसके अलावा ईमेल भेजने और प्राप्त करने में भी देरी हुई।
कुछ यूजर्स को माइक्रोसॉफ्ट 365 एडमिन सेंटर लोड करने और विभिन्न एप्लिकेशन में हाल ही में इस्तेमाल की गई फाइलें देखने में भी दिक्कत आई।
इस वैश्विक आउटेज का असर माइक्रोसॉफ्ट 365 कोपायलट पर भी देखने को मिला। कई यूजर्स को कोपायलट चैट खोलने और उसके जवाब प्राप्त करने में परेशानी हुई।
इसके अलावा कोपायलट काम से जुड़े डेटा, जैसे ईमेल, कैलेंडर और फाइलों तक पहुंचने में भी असमर्थ रहा।
माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि टीम्स की ज्यादातर मुख्य सुविधाएं सामान्य रूप से काम करती रहीं। इनमें कॉल करना, मीटिंग में शामिल होना, ग्रुप चैट और चैनल मैसेजिंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
हालांकि, कैलेंडर से जुड़ी कुछ सुविधाएं, लाइव और वर्चुअल इवेंट बनाने की प्रक्रिया, कोपायलट के जवाब और कॉन्टैक्ट सिंक्रोनाइजेशन भी प्रभावित हुए।
आउटलुक, टीम्स और कोपायलट के अलावा माइक्रोसॉफ्ट की कई अन्य सेवाएं भी इस तकनीकी खराबी से प्रभावित हुईं। इनमें माइक्रोसॉफ्ट डिफेंडर, फैब्रिक, ग्राफ, इंट्यून, प्लानर, प्यूरीव्यू, टू डू, पावर बीआई, शेयरपॉइंट ऑनलाइन, यूनिवर्सल प्रिंट और विंडोज 365 शामिल हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपडेट में माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि सेवाओं का प्रदर्शन बेहतर बनाने के लिए कुछ बदलाव लागू किए गए थे। हालांकि, निगरानी के दौरान पता चला कि इन बदलावों का अपेक्षित असर नहीं हो रहा है।
कंपनी ने कहा कि वह तकनीकी समस्या के कारणों की जांच कर रही है और सभी प्रभावित सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए प्रयास जारी हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0