हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र पर चलते हुए और हरियाणा एक-हरियाणवी एक की भावना से पूरे हरियाणा प्रदेश का समान रूप से विकास कर रही है। वर्तमान राज्य सरकार का ध्येय है कि हर क्षेत्र का विकास और हर नागरिक का उत्थान हो।
पिहोवा विधानसभा क्षेत्र के 15 गांवों में जलापूर्ति के लिए 10 करोड़ रुपये की लागत से बिछाई जाएगी पाइप लाइन
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र पर चलते हुए और हरियाणा एक-हरियाणवी एक की भावना से पूरे हरियाणा प्रदेश का समान रूप से विकास कर रही है। वर्तमान राज्य सरकार का ध्येय है कि हर क्षेत्र का विकास और हर नागरिक का उत्थान हो।
मुख्यमंत्री सोमवार को पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। धन्यवाद कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने पिहोवा क्षेत्र के अंदर 28 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से चार परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इनमें प्राचीन सरस्वती नहर पुल, किसान सेवा सदन और 50 बिस्तर के अस्पताल का उद्घाटन किया गया। इन पर 26 करोड़ 15 लाख रुपये की लागत आई है। इसके अलावा, 2 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत की टोकर माइनर के सुधार कार्य का शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर हल्कावासियों को सौगात देते हुए मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं की। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि पिहोवा विधानसभा क्षेत्र के 15 गांवों में 10 करोड़ रुपये की लागत से जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा पानी की सप्लाई हेतु पाइप लाइन डलवाई जाएगी। गांव रूआं में जमीन उपलब्ध होते ही पशु अस्पताल बनाया जाएगा। गांव गुमथला में भी पशु चिकित्सालय का निर्माण करवाया जाएगा। इस्माईलाबाद तथा स्याणा सैयंदा में पीएचसी को अपग्रेड किया जाएगा। गांव थाना में हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर को पीएचसी में अपग्रेड किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिहोवा के सरकारी अस्पताल में मशीनों की आवश्यकता को पूरा किया जाएगा। ड्रेन के दोनों तरफ चीका रोड पर पुल बनाया जाएगा। गांव चनालहेड़ी के नजदीक और रोड पर स्थित कैंथला बंद पर दो पुलों का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने पिहोवा हल्का के स्कूलों के नवीनीकरण व मरम्मत हेतु 5 करोड़ रुपए की राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने पिहोवा हल्का में पीडब्ल्यूडी की सडक़ों के नवीनीकरण के लिए 10 करोड़ रुपए तथा मंडी बोर्ड की सडक़ों के सुदृढ़ीकरण के 5 करोड़ रुपए की राशि देने की घोषणा की। उपरोक्त घोषणाओं के अलावा मुख्यमंत्री ने पिहोवा के विकास कार्यों के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
Comments 0