दीवार फांदकर आंगन में पहुंचा खूंखार तेंदुआ, सो रही गाय पर किया हमला; रिहायशी इलाके में दहशत
दीवार फांदकर आंगन में पहुंचा खूंखार तेंदुआ, सो रही गाय पर किया हमला; रिहायशी इलाके में दहशत
खबर खास | होशियारपुर
पंजाब के होशियारपुर जिले के दसूया क्षेत्र में देर रात एक तेंदुआ रिहायशी घर में घुस गया और आंगन में बंधी एक गाय का शिकार कर लिया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें तेंदुआ दीवार फांदकर घर के अंदर प्रवेश करता और गाय पर हमला करता दिखाई दे रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि तेंदुआ चुपचाप आंगन में पहुंचकर सो रही गाय के पास आता है। आहट महसूस होने पर गाय उठने की कोशिश करती है, लेकिन इससे पहले ही तेंदुआ उसकी गर्दन दबोच लेता है। गाय काफी देर तक खुद को बचाने के लिए संघर्ष करती रही, लेकिन तेंदुए की मजबूत पकड़ के आगे वह बेबस हो गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार यह घटना गुरुवार देर रात करीब 12:22 बजे उपला वडाला गांव में हुई। शिव मंदिर के प्रबंधक पंडित ज्ञान चंद और उनके पोते चंदन शर्मा के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ पहले लिंक रोड पर घूमता हुआ दिखाई देता है। इसके लगभग चार मिनट बाद वह घर की चारदीवारी फांदकर अंदर प्रवेश करता है और आंगन में घूमने लगता है।
हमले के दौरान गाय की तेज आवाजें सुनाई दीं, लेकिन परिवार के सदस्य समय पर जाग नहीं सके। इसी दौरान तेंदुए ने गाय को मार डाला और बाद में वहां से निकल गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन्यजीव विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं दातारपुर पशु चिकित्सालय की डॉ. पूनम शर्मा ने मृत गाय का पोस्टमार्टम किया।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए का रिहायशी इलाके में इस तरह घूमना बेहद चिंताजनक है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, तेंदुए की तलाश करने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0