फर्जी बम कॉल करने वाला गिरफ्तार, ईमेल की जांच जारी; प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले चंडीगढ़ में सुरक्षा कड़ी, पीजीआई मरीजों को भी हुई परेशानी
फर्जी बम कॉल करने वाला गिरफ्तार, ईमेल की जांच जारी; प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से पहले चंडीगढ़ में सुरक्षा कड़ी, पीजीआई मरीजों को भी हुई परेशानी
खबर खास | चंडीगढ़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था के बीच हरियाणा मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं। धमकी भरे ईमेल में हरियाणा सचिवालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, स्कूलों और जींद का भी जिक्र किया गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल जांच शुरू कर दी। ईमेल भेजने वाले का पता लगाने के लिए साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया है।
इसी बीच गुरुवार रात एक अलग बम की अफवाह ने भी पुलिस प्रशासन को अलर्ट कर दिया। चंडीगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दावा किया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली स्थल पर बम लगाया गया है। सूचना मिलते ही एसएसपी कंवरदीप कौर के नेतृत्व में ऑपरेशन सेल, क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की टीमों ने पूरे कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
घंटों तक चली तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार का संदिग्ध सामान या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। जांच के दौरान पुलिस ने कॉल की लोकेशन सेक्टर-24/25 क्षेत्र में ट्रेस की और सेक्टर-24 निवासी अविनाश को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने फर्जी बम कॉल करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और घटना के समय वह शराब के नशे में था। उसके खिलाफ सेक्टर-3 थाना में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भले ही यह कॉल फर्जी निकली हो, लेकिन प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और ऐसी घटनाओं से सख्ती से निपटा जाएगा।
वहीं, प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनज़र पीजीआईएमईआर (PGIMER) के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण शुक्रवार को मरीजों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ओपीडी में इलाज कराने के बाद कई मरीज सेक्टर-11 स्थित दवा बाजार तक नहीं पहुंच सके क्योंकि सुरक्षा बैरिकेड्स के कारण रास्ते बंद कर दिए गए थे। दूर-दराज से आए कई मरीज बिना दवाइयां लिए ही वापस लौटने को मजबूर हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में पीजीआईएमईआर के प्रशासनिक अधिकारियों समेत विभिन्न विभागों के करीब 200 प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर पूरे चंडीगढ़ में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0