अंबाला के युवा बॉडीबिल्डर ने 14वीं मिस्टर चंडीगढ़ चैंपियनशिप में जूनियर कैटेगरी में जीता पहला स्थान, कड़ी मेहनत और जुनून को बताया सफलता की कुंजी
अंबाला के युवा बॉडीबिल्डर ने 14वीं मिस्टर चंडीगढ़ चैंपियनशिप में जूनियर कैटेगरी में जीता पहला स्थान, कड़ी मेहनत और जुनून को बताया सफलता की कुंजी
ख़बर ख़ास, खेल :
हरियाणा के अंबाला जिले के युवा बॉडीबिल्डर हितेश ढिल्लों ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बॉडी बिल्डिंग की दुनिया में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हाल ही में आयोजित 14वीं मिस्टर चंडीगढ़ बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में उन्होंने जूनियर विंग की 55 से 60 किलोग्राम कैटेगरी में पहला स्थान हासिल कर मिस्टर चंडीगढ़ का खिताब अपने नाम किया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 9 मार्च को चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित एसडी कॉलेज में आयोजित हुई थी, जिसमें कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इस उपलब्धि के बाद कुरुक्षेत्र के सेक्टर-3 में हितेश ढिल्लों का भव्य स्वागत किया गया। परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और दोस्तों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनकी कड़ी मेहनत की जमकर सराहना की। इस दौरान हितेश ने अपनी जीत को अपने जिम कोच प्रवीण दलाल और परिवार को समर्पित किया, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया।
हितेश ने बताया कि उन्हें बचपन से ही फिटनेस और खेलों के प्रति गहरा लगाव रहा है। बॉडी बिल्डिंग में आगे बढ़ने की प्रेरणा उन्हें अपने चाचा से मिली। हालांकि आर्थिक परिस्थितियों के कारण उनके चाचा खुद इस क्षेत्र में आगे नहीं बढ़ पाए, लेकिन उन्होंने हितेश को हमेशा प्रेरित किया और हर संभव सहयोग दिया। इसी प्रेरणा के चलते हितेश ने जिम ट्रेनिंग शुरू की और धीरे-धीरे बॉडी बिल्डिंग की दुनिया में कदम रखा।
नियमित ट्रेनिंग, सख्त अनुशासन और निरंतर मेहनत के कारण उनका शरीर तेजी से विकसित हुआ। जिम कोच प्रवीण दलाल के मार्गदर्शन में उन्होंने अपनी तैयारी को और मजबूत किया। उनकी मेहनत का परिणाम यह रहा कि साल 2024 में उन्होंने मिस्टर अंबाला का खिताब जीता और हरियाणा स्तर की प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया।
हितेश का कहना है कि कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और अपने लक्ष्य के प्रति जुनून ही सफलता की असली कुंजी है। अब उनका अगला लक्ष्य मिस्टर नॉर्दर्न इंडिया का खिताब जीतना है। इसके बाद वे नेशनल और इंटरनेशनल स्तर की बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर देश और अपने गांव गरनाला का नाम रोशन करना चाहते हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0