बायोमेट्रिक तकनीक से महज 30 सेकंड में पूरी होगी इमिग्रेशन प्रक्रिया, लंबी कतारों से मिलेगी राहत
बायोमेट्रिक तकनीक से महज 30 सेकंड में पूरी होगी इमिग्रेशन प्रक्रिया, लंबी कतारों से मिलेगी राहत
खबर खास | अमृतसर
अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्र सरकार की फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन – ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम (एफटीआई-टीटीपी) सुविधा शुरू कर दी गई है।
इस नई सुविधा के तहत पात्र अंतरराष्ट्रीय यात्री बायोमेट्रिक तकनीक की मदद से लंबी कतारों में इंतजार किए बिना अपनी इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों का समय बचाना और आव्रजन प्रक्रिया को तेज, सुगम और सुविधाजनक बनाना है। इस सुविधा के शुरू होने के साथ ही अमृतसर देश के उन चुनिंदा हवाई अड्डों की सूची में शामिल हो गया है, जहां यह आधुनिक व्यवस्था उपलब्ध है।
भारतीय पासपोर्ट और ओसीआई कार्डधारकों को मिलेगी सुविधा
फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन सुविधा विशेष रूप से भारतीय पासपोर्ट धारकों और ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्डधारकों के लिए तैयार की गई है। इस सुविधा का लाभ लेने के लिए यात्रियों को सबसे पहले केंद्र सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा। इसके तहत उन्हें अपना पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
फिंगरप्रिंट और चेहरे की तस्वीर से होगा सत्यापन
पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान आवेदकों को अपने बायोमेट्रिक विवरण देने होंगे, जिनमें फिंगरप्रिंट और चेहरे की तस्वीर शामिल है। पंजीकरण पूरा होने के बाद यात्री हवाई अड्डे पर स्थापित विशेष ई-गेट का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपना बोर्डिंग पास और पासपोर्ट स्कैन करना होगा।
बायोमेट्रिक सत्यापन सफल होने के बाद ई-गेट अपने आप खुल जाएगा और इमिग्रेशन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। यह सुविधा आने और जाने, दोनों तरह के अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। इसके तहत इमिग्रेशन क्लीयरेंस में लगभग 30 सेकंड का समय लगने की उम्मीद है।
पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क, छह महीने वैध पासपोर्ट जरूरी
फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन कार्यक्रम के लिए पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क है। आवेदन के समय पासपोर्ट की कम से कम छह महीने की वैधता होना जरूरी है। हालांकि, ईसीआर श्रेणी के पासपोर्ट धारक और सात वर्ष से कम आयु के बच्चे इस कार्यक्रम के लिए पात्र नहीं होंगे।
पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया में लगभग एक महीने का समय लग सकता है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र यात्री अमृतसर हवाई अड्डे पर इस तेज और सुविधाजनक इमिग्रेशन सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Breaking : पंजाब में एक आईएएस व 41 पीसीएस अधिकारियों के तुरंत प्रभाव से तबादले व नियुक्तियां
February 27, 2026स्वीडन से हरियाणा को 4,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
October 18, 2026
Comments 0