फैक्टरी के मुख्य द्वार पर बाहर से लगा था ताला, बाहर निकल ही नहीं पाए कामगार
फैक्टरी के मुख्य द्वार पर बाहर से लगा था ताला, बाहर निकल ही नहीं पाए कामगार
खबर खास, चंडीगढ़ :
जींद के सफीदों में स्थित एक फैक्टरी में शनिवार को भीषण आग लगने से चार महिलाओं की मौत हो गई जबकि 20 के करीब मजदूर झुलस गए। यह फैक्टरी होली के गुलाल बनाने वाले रंग की थी और सफीदों की भाट कॉलोनी में स्थित है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि फैक्टरी के मुख्य द्वार पर बाहर से ताला लगा हुआ था जिसके चलते मजदूर फैक्टरी से बाहर ही नहीं निकल पाए। हालांकि आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। हादसे की सूचना मिलते ही उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा और एसपी कुलदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
मौके से मिली जानकारी के मुताबिक इस फैक्टरी में दूसरे दिनों की शनिवार को भी लगभग 30 मजदूर काम कर रहे थे। तभी अचानक आग लग गई और देखते-ही-देखते आग पूरे परिसर में फैल गई। चारों और धुएं और आग की लपटों के चलते मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास के लोगों ने धुआं उठता देख बचाव कार्य शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
मजदूरों का कहना है कि काम के दौरान फैक्ट्री के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था। आग लगने के बाद जब मजदूरों ने बाहर निकलने की कोशिश की, तो ताला लगा होने के कारण वे अंदर ही कैद होकर रह गए। बाहर मौजूद लोगों और स्थानीय लोगों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा तोड़ा, जिसके बाद कुछ मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
दो महिलाओं की झुलसने से मौके पर ही मौत हो चुकी थी। फैक्ट्री से निकाले गए मजदूरों को सफीदों के अस्पताल में लाया गया। कई लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पानीपत अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में दो और महिलाओं ने दम तोड़ दिया। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। फिलहाल घटना को लेकर छानबीन चल रही है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0