नशा तस्करी पर कार्रवाई से लेकर उपचार और पुनर्वास तक बनेगी समन्वित योजना, स्कूलों में जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने पर जोर
नशा तस्करी पर कार्रवाई से लेकर उपचार और पुनर्वास तक बनेगी समन्वित योजना, स्कूलों में जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने पर जोर
खबर खास | चंडीगढ़
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए सात सूत्रीय रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत नशा तस्करी पर रोक लगाने, युवाओं में जागरूकता बढ़ाने, उपचार और पुनर्वास सुविधाओं को मजबूत करने तथा परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को संकल्प सोसायटी की पहली बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को इस दिशा में व्यापक और समन्वित कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
सैनी ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए सरकार के साथ परिवारों, शिक्षकों, पंचायतों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान को केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि रोकथाम, उपचार और पुनर्वास पर भी समान रूप से ध्यान देना होगा।
मुख्यमंत्री की सात प्राथमिकताओं में पुलिस थाना क्षेत्रों को नशामुक्त बनाना, जिलों में नशा तस्करों के नेटवर्क को खत्म करना, दवा विक्रेताओं की दुकानों के माध्यम से नशीली गोलियों की बिक्री रोकना, परिवारों का सहयोग सुनिश्चित करना, अस्पतालों में उपचार उपलब्ध कराना, स्कूलों में जागरूकता और परामर्श सुविधाएं मजबूत करना तथा युवाओं को खेलों और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना शामिल है।
सैनी ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई केवल स्थानीय स्तर पर नशीले पदार्थ बेचने वालों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जांच में नशीले पदार्थों के स्रोत और उनकी आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
हर महीने होगी प्रगति की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने संकल्प सोसायटी को हर महीने ठोस परिणाम प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे की उपलब्धता कम करने, प्रभावित लोगों को उपचार से जोड़ने और उन्हें दोबारा नशे की लत से बचाने के प्रयासों की नियमित समीक्षा की जाएगी। प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही भी तय होगी।
उन्होंने कहा कि मैराथन, साइकिल रैली और अन्य जनभागीदारी कार्यक्रम नशे के खिलाफ लगातार चलने वाले अभियान का हिस्सा होने चाहिए। सोसायटी उपचार केंद्रों में भेजे गए युवाओं, उपचार पूरा करने वालों और उनके स्वास्थ्य में सुधार की स्थिति पर भी नजर रखेगी।
गृह, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा महिला एवं बाल विकास विभाग सहित संबंधित विभाग मिलकर रोकथाम, जागरूकता, उपचार और पुनर्वास के प्रयासों में समन्वय स्थापित करेंगे।
सैनी ने कहा कि हरियाणा के युवाओं में अपार क्षमता है। उन्हें सही मार्गदर्शन, बेहतर अवसर और सहयोग उपलब्ध कराना सरकार तथा समाज की साझा जिम्मेदारी है। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0