मुख्यमंत्री सैनी ने बिहार में जनसभा को किया सम्बोधित
मुख्यमंत्री सैनी ने बिहार में जनसभा को किया सम्बोधित
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा और बिहार का रिश्ता सिर्फ भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं, बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक बंधनों में बंधा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा जहां गन्ना और गेहूं उत्पादन में अग्रणी है, वहीं बिहार मखाना उत्पादन के दम पर विश्व बाजार में पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री बुधवार को बिहार में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान सैनी ने कहा कि एक समय था जब बिहार को गरीब और पिछड़ा कहा जाता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने युवाओं को रोजगार, मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों की बढ़ोतरी और सड़कों के विस्तार का हवाला देकर डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
सैनी ने कहा कि एक समय बिहार को बीमारू राज्य कहा जाता था, जब कांग्रेस-राजद शासन में भ्रष्टाचार, अपराध और पलायन चरम पर था। मगर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन की एनडीए सरकार ने बिहार को देश की सबसे तेज़ी से प्रगति कर रहे राज्यों की श्रेणी में ला दिया है।
सैनी ने कहा कि यह चुनाव केवल विधायक चुनने का नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य को सुरक्षित करने का चुनाव है। साथ ही प्रदेश में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण और स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। आजीविका दीदी से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 1100 रुपये किया है जिससे करोड़ों लोगों को सहायता मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार के विकास के लिए 14 लाख 85 हजार करोड़ रुपये की राशि जारी की है। उन्होंने कहा कि हम सब ने मिलकर मोदी जी के नेतृत्व में आगे बढ़ते हुए बिहार को और मजबूती देनी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0