पंजाब, चंडीगढ़ में पाकिस्तानी हमलों के बाद अब हरियाणा के अंबाला अैर पंचकूला में भी एयर अटैक का अलर्ट जारी किया गया है। अंबाला के उपायुक्त अजय तोमर के मुताबिक सुबह करीब 10:20 पर अंबाला से 70 किमी दूर कुछ ड्रोन्स देखे गए। इसके बाद वहां 48 मिनट तक सायरन बजाए गए।
अंबाला में 70 किमी दूर दिखे ड्रोन, अंबाला के सभी स्कूल-कॉलेज बंद
खबर खास, चंडीगढ़ :
पंजाब, चंडीगढ़ में पाकिस्तानी हमलों के बाद अब हरियाणा के अंबाला अैर पंचकूला में भी एयर अटैक का अलर्ट जारी किया गया है। अंबाला के उपायुक्त अजय तोमर के मुताबिक सुबह करीब 10:20 पर अंबाला से 70 किमी दूर कुछ ड्रोन्स देखे गए। इसके बाद वहां 48 मिनट तक सायरन बजाए गए। इसके साथ ही तुरंत ही अंबाला के सभी स्कूल-कॉलेज बंद करवाकर बच्चों को छुट्टी की गई।
उपायुक्त ने बताया कि अंबाला में आज रात 8 बजे से कल शनिवार सुबह 6 बजे तक ब्लैकआउट का आदेश जारी कर दिया है। जिसमें लोगों को घर के बाहर की लाइटें बंद करनी होंगी। लोगों को आपात स्थिति होने पर ही घरों से बाहर निकलने को कहा गया है। अंबाला में आर्मी कैंट के अलावा एयरफोर्स स्टेशन भी है। यह पहली बार है कि अंबाला में एयर अटैक का अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, हरियाणा में पाकिस्तानी हमले के अलर्ट को देखते हुए प्रदेश के सभी फायर ब्रिगेड अधिकारियों की चंडीगढ़ में मीटिंग बुला ली गई है। इधर, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां अगले आदेश तक की रद्द कर दी है।
इसके अलावा पंचकूला में हवाई हमले की आशंका को देखते हुए पंचकूला में सुबह सायरन बजाया गया। प्रशासन हाई अलर्ट पर है और यहां आज ब्लैकआउट रहेगा। बाजार शाम 7 बजे बंद हो जाएंगे। स्कूलों को दो दिन तक बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
हरियाणा में हिसार एयरपोर्ट से दिल्ली और अयोध्या आने-जाने वाली फ्लाइट रद्द कर दी गई है। हिसार के एसपी शशांक कुमार सावन ने कहा- घर में सुरक्षित रहें और एमरजेंसी किट तैयार रखें। केवल मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे। किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। जबकि गुरुग्राम- इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने गुरुग्राम में वॉर रिलीफ टीम बना दी है। जिसमें 50 स्पेशलिस्ट डॉक्टर रखे गए हैं। 2 हजार से अधिक डॉक्टरों के ब्लड ग्रुप की जानकारी इकट्ठा की गई है। जरूरत पड़ी तो डॉक्टर तुरंत खुद ब्लड डोनेट करेंगे।
इसके अलावा पंजाब बॉर्डर के साथ लगते सिरसा, फतेहाबाद, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र और अंबाला में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डॉक्टरों, फायर ब्रिगेड और पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। उनके हेडक्वार्टर छोड़ने पर रोक लगा दी गई है। सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में इमरजेंसी हालात से निपटने के लिए इमरजेंसी में 25% बैड रिजर्व रखवा लिए गए हैं। इमरजेंसी के बारे में सूचना देने के लिए 48 घंटे में प्रदेश के सभी साढ़े 7 हजार गांवों में सायरन लगाए जा रहे हैं।
अंबाला में रात आठ से सुबह छह बजे तक बाहरी लाइटिंग पर प्रतिबंध
अंबाला में रात 8 से सुबह 6 बजे तक स्ट्रीट लाइट, विद्युत सजावट, जनरेटर, इन्वर्टर या अन्य पावर बैकअप से लाइट जलाना मना है। उल्लंघन करने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कानूनी कार्यवाही होगी। घर के अंदर लाइट जलाने की छूट केवल तभी मिलेगी जब खिड़की-दरवाजों को गहरे पर्दों से ढका गया हो और रोशनी बाहर न जाए। आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक को विशेष जिम्मेदारी दी गई है।
Comments 0