महिला का आरोप- सीट को लेकर हुए विवाद के बाद जीआरपी जवानों ने की मारपीट, बेटी को भी किया घायल; रातभर थाने में बैठाए रखने का दावा। निष्पक्ष जांच की उठी मांग।
महिला का आरोप- सीट को लेकर हुए विवाद के बाद जीआरपी जवानों ने की मारपीट, बेटी को भी किया घायल; रातभर थाने में बैठाए रखने का दावा। निष्पक्ष जांच की उठी मांग।
खबर खास | लुधियाना
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में चलती ट्रेन के अंदर रेलवे पुलिस (जीआरपी) की कथित बर्बरता का मामला सामने आया है। जननायक एक्सप्रेस में एक महिला के साथ जीआरपी पुलिसकर्मी द्वारा मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह घटना जनरल कोच में सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई।
पीड़ित महिला की पहचान रुबी के रूप में हुई है, जो लुधियाना के हैबोवाल इलाके की रहने वाली हैं और ब्यूटीशियन का काम करती हैं। वह बिहार के मोतिहारी से अपनी तीन बेटियों के साथ लुधियाना लौट रही थीं। इसी दौरान मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के पास कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई।
1 मिनट 13 सेकंड का वीडियो वायरल, महिला को जमीन पर गिराकर पीटने का आरोप
घटना का 1 मिनट 13 सेकंड का वीडियो सामने आया है। इसमें कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी महिला के साथ हाथापाई करता, उसे जमीन पर धक्का देता और मारपीट करता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि जब महिला की बेटियों ने अपनी मां को बचाने की कोशिश की तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और बदसलूकी की गई।
सीट खाली कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद
रुबी के मुताबिक, उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और उन्हें लो ब्लड प्रेशर की शिकायत थी। इसी वजह से वह जनरल कोच में एक सीट पर लेटी हुई थीं, जबकि उनकी तीनों बेटियां पास में बैठी थीं।
आरोप है कि मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर दो जीआरपी कर्मचारी कुछ महिला यात्रियों के साथ कोच में पहुंचे और रुबी से सीट खाली करने को कहा।
रुबी का कहना है कि उनकी बेटी ने बच्चे के साथ सफर कर रही एक महिला को बैठने के लिए जगह दे दी थी। लेकिन एक GRP कर्मचारी ने दूसरी महिला को भी जगह देने का दबाव बनाया। इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो बाद में कथित तौर पर मारपीट में बदल गई।
नजीबाबाद स्टेशन पर ट्रेन से उतारने और रातभर थाने में रखने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पर चेन पुलिंग के बाद उन्हें ट्रेन से उतार लिया गया। इसके बाद उन्हें शाम करीब 7 बजे से अगली सुबह 4 बजे तक थाने में बैठाकर रखा गया।
रुबी के अनुसार, इस दौरान उनका बैग ट्रेन में ही छूट गया, जिसमें नकदी और सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उन पर अपनी मर्जी के मुताबिक बयान देने का दबाव बनाया। ऐसा नहीं करने पर आपराधिक मामला दर्ज करने और जेल भेजने की धमकी भी दी गई।
बीमार पति के पास लौट रही थी महिला, रास्ते के लिए भी नहीं बचे पैसे
रुबी ने बताया कि उनके पति की तबीयत खराब थी और वह जल्द से जल्द लुधियाना पहुंचना चाहती थीं। बैग ट्रेन में छूट जाने के कारण उनके पास आगे का सफर करने के लिए पर्याप्त पैसे भी नहीं बचे थे।
किसी तरह दूसरी ट्रेन में सफर कर वह लुधियाना पहुंचीं। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने अपना मेडिकल परीक्षण भी करवाया।
लुधियाना जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी
पीड़ित महिला अब लुधियाना जीआरपी पुलिस स्टेशन में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रही हैं। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे पुलिसकर्मियों के व्यवहार पर सवाल उठ रहे हैं।
मामले में निष्पक्ष जांच कराने और कथित तौर पर मारपीट करने वाले पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। अब देखना होगा कि रेलवे पुलिस और संबंधित अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
चंडीगढ़ में पुलिस बूथ के पास 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला, चार हमलावर फरार
November 17, 2026पंजाब में पुलिसकर्मियों की हत्याओं के पीछे कौन? ‘ऑपरेशन नूर’ के दावे से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
November 17, 2026गांवों के विकास से युवाओं के रोजगार तक, सीएम मान ने गिनाईं पंजाब सरकार की उपलब्धियां
November 16, 2026
Comments 0