मोहाली के खरड़ स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसायटी में उस समय हड़कंप मच गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रेड के दौरान कथित तौर पर 9वीं मंजिल से नकदी से भरा बैग नीचे फेंक दिया गया।
मोहाली के खरड़ स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसायटी में उस समय हड़कंप मच गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रेड के दौरान कथित तौर पर 9वीं मंजिल से नकदी से भरा बैग नीचे फेंक दिया गया।
खबर खास | मोहाली
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को मोहाली के खरड़ इलाके में एक रिहायशी फ्लैट पर छापा मारा। इस दौरान लगभग ₹21 लाख नकद बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि ईडी की कार्रवाई के दौरान नोटों से भरा बैग 9वीं मंजिल से नीचे फेंक दिया गया था।
यह रेड वेस्टर्न टावर्स सोसायटी के फ्लैट नंबर 906 में की गई, जो आईटी सेक्टर के कारोबारी नितिन कुमार गोहिल से जुड़ा बताया जा रहा है। सोसायटी के निवासियों के अनुसार, गोहिल करीब चार महीने पहले ही यहां रहने आए थे।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को ईडी की कार्रवाई की पहले ही भनक लग गई थी। जैसे ही एजेंसी की टीम मौके पर पहुंची, ₹500 के नोटों की गड्डियों से भरा एक लाल बैग सफेद बैग में डालकर 9वीं मंजिल से नीचे फेंक दिया गया, ताकि नकदी को ठिकाने लगाया जा सके।
हालांकि, जमीन पर गिरते ही बैग फट गया और नोटों की गड्डियां चारों तरफ बिखर गईं। आरोप है कि नीचे खड़ा एक व्यक्ति बैग उठाकर सफेद कार में भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ईडी टीम ने उसकी गतिविधि देख ली और पीछा कर उसे पकड़ लिया। अधिकारियों ने बैग से करीब ₹21 लाख नकद बरामद किए।
घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी मच गई। जमीन पर बिखरे नोटों को देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। बाद में पुलिस ने टावर में एंट्री सीमित कर दी, जबकि केंद्रीय एजेंसी की टीम जांच में जुटी रही।
खरड़ डीएसपी ईशांत सिंगला के निर्देश पर स्थानीय पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। खरड़ सिटी थाना प्रभारी अमरिंदर सिंह ने पुलिस कार्रवाई की निगरानी की और जांच में सहयोग किया।
फिलहाल अधिकारियों ने मामले या बरामद नकदी के स्रोत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। मामले की जांच जारी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0