मुख्यमंत्री सैनी की अध्यक्षता में हुई परियोजना की प्रगति समीक्षा बैठक
मुख्यमंत्री सैनी की अध्यक्षता में हुई परियोजना की प्रगति समीक्षा बैठक
खबर खास, चंडीगढ़ :
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महेन्द्रगढ़ जिले की प्रसिद्ध ढोसी पहाड़ी पर प्रस्तावित रोपवे परियोजना सहित प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित परियोजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाते हुए निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाए।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आज यहाँ ढोसी हिल रोपवे प्रोजेक्ट को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई जिसमें पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविन्द शर्मा ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार राज्य के पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पर्यटन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि स्थानीय विकास, रोजगार सृजन और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण का सशक्त माध्यम है।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि ढोसी हिल रोपवे परियोजना लगभग 57 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही है, जिसके तहत इस क्षेत्र को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में तैयार किया जाएगा। प्रस्तावित रोपवे की लंबाई लगभग 870 मीटर होगी। रोपवे के निर्माण से ढोसी पहाड़ी तक पहुंचना आसान होगा, जिससे देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी। यह परियोजना न केवल ढोसी क्षेत्र बल्कि महेंद्रगढ़ के ऐतिहासिक स्मारकों के प्रति भी पर्यटकों की रुचि को बढ़ाएगी।
बैठक में महेंद्रगढ़ किला, माधोगढ़ किला तथा बावली के पुनर्विकास पर भी चर्चा की गई। सुझाव दिया गया कि बावली को “रानी महल” के रूप में विकसित किया जाए ताकि वहाँ मेहंदी और सांस्कृतिक आयोजनों का आयोजन हो सके। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि यह पहल स्थानीय रोजगार और पर्यटन विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने इस परियोजना को पीपीपी मॉडल (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) के तहत विकसित करने का सुझाव दिया ।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने पिंजौर और मोरनी के टिक्करताल में चल रहे पर्यटन परियोजनाओं की भी समीक्षा की और इन क्षेत्रों को और अधिक आकर्षक एवं सुन्दर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पिंजौर गार्डन की सुंदरता के साथ-साथ वहाँ ठहराव की व्यवस्था तथा मोरनी की पहाड़ियों में रोपवे जैसी नई परियोजनाओं की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र जिले में निर्माणाधीन ‘अनुभव केंद्र’ की प्रगति की भी समीक्षा की और अधिकारियों को परियोजना को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0