परिवार का आरोप- हमलावरों ने तेजधार हथियार, डंडों और पिस्तौल से किया हमला; पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की
परिवार का आरोप- हमलावरों ने तेजधार हथियार, डंडों और पिस्तौल से किया हमला; पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू की
खबर खास | अमृतसर
रक्षाबंधन के मौके पर बहन के घर राखी बंधवाने गए एक परिवार के लिए घर वापसी का सफर उस समय खौफनाक बन गया, जब अमृतसर के चाबल रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी में कुछ युवकों ने एक दंपति और उनकी छोटी बेटी पर कथित तौर पर हमला कर दिया। पूरी घटना CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल युवक आनंद अरोड़ा की मां नीलम रानी के अनुसार, उनका बेटा रक्षाबंधन मनाने और बहन से राखी बंधवाने उसके घर गया था। रस्म पूरी होने के बाद आनंद अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक कार खड़ी थी।
नीलम रानी ने आरोप लगाया कि उनके बेटे ने कार चालक से केवल वाहन को रास्ते से हटाने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद कार में सवार कई युवक बाहर निकले और आनंद तथा उसके परिवार पर हमला करना शुरू कर दिया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने पहले डंडों से आनंद की पिटाई की और जमीन पर गिरने के बाद भी उसे नहीं छोड़ा। परिवार के अनुसार, कुछ देर बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। नीलम रानी ने आरोप लगाया कि हमलावरों में कुछ लोगों के पास तेजधार हथियार और एक पिस्तौल भी थी।
हमले की जानकारी मिलने पर नीलम रानी मौके पर पहुंचीं और अपने बेटे को हमलावरों से बचाने का प्रयास किया। उनका कहना है कि काफी मशक्कत के बाद वह आनंद को वहां से निकाल पाईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके पति के साथ भी मारपीट की।
हमले में घायल आनंद को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज को अपने कब्जे में लिया। पुलिस अधिकारी अब फुटेज की जांच कर रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। नीलम रानी ने कहा कि मामूली सड़क विवाद को लेकर किसी परिवार के साथ इस तरह की हिंसा नहीं होनी चाहिए।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब : सभी पुलिस थानों व सरकारी स्थानों पर मौजूद लावारिस वाहन 30 दिन के भीतर हटाने के आदेश
January 18, 2026
Comments 0