भगवंत मान सरकार की पहल से रोज़ाना 1100 से अधिक श्रद्धालु कर रहे पवित्र स्थलों की यात्रा, 900 कर्मचारी कर रहे सेवा-सुरक्षा सुनिश्चित
भगवंत मान सरकार की पहल से रोज़ाना 1100 से अधिक श्रद्धालु कर रहे पवित्र स्थलों की यात्रा, 900 कर्मचारी कर रहे सेवा-सुरक्षा सुनिश्चित
ख़बर ख़ास | चंडीगढ़
पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ अब बुज़ुर्गों के जीवन में उम्मीद और खुशी की नई किरण बनकर उभर रही है। यह केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि उन हज़ारों लोगों के लिए भावनात्मक और आध्यात्मिक अनुभव है, जिनकी वर्षों पुरानी इच्छा अब वास्तविकता बन रही है। 68 वर्षीय बीबी हरबंस कौर जैसी अनगिनत आंखें, जो कभी केवल कल्पना में ही तीर्थ यात्रा देखती थीं, आज बसों में बैठकर मुस्कुराते हुए अपने सपनों को साकार होते देख रही हैं।
राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के अनुसार, इस योजना के तहत हर दिन 50 वर्ष या उससे अधिक आयु के 1100 से अधिक श्रद्धालु पवित्र स्थलों की यात्रा पर भेजे जा रहे हैं। उनकी सुरक्षा, सुविधा और देखभाल के लिए 900 से अधिक कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो पूरी यात्रा के दौरान निरंतर सेवा में लगे रहते हैं। यह व्यवस्था सुनिश्चित करती है कि हर यात्री को सम्मान और सहजता के साथ यात्रा का अनुभव मिले।
योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं को श्री हरिमंदिर साहिब, श्री दुर्गियाना मंदिर, भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल सहित जलियांवाला बाग और पार्टिशन म्यूजियम जैसे ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कराए जाते हैं। यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करती है बल्कि पंजाब की ऐतिहासिक विरासत से भी जोड़ती है। तीन दिन और दो रातों की इस पूरी यात्रा में एसी बसें, ट्रेनों की सुविधा, स्वच्छ भोजन, आरामदायक आवास, बिस्तर, कंबल और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जाती हैं।
अब तक करीब 1,10,000 बुज़ुर्ग इस योजना का लाभ ले चुके हैं और लगभग 100 बसों का बेड़ा रोजाना यात्रियों को उनके पवित्र गंतव्य तक पहुंचा रहा है। यह पहल बुज़ुर्गों के लिए सिर्फ यात्रा नहीं, बल्कि जीवनभर की अधूरी इच्छाओं के पूरे होने जैसा भावनात्मक अनुभव बन चुकी है, जिसने सरकार की जनकल्याणकारी सोच को एक नई पहचान दी है।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0