मुख्यमंत्री का अन्य राज्यों से भी अपील—बेअदबी के खिलाफ बनाए जाएं कड़े कानून, दोषियों को उम्रभर की सजा का सख्त संदेश
मुख्यमंत्री का अन्य राज्यों से भी अपील—बेअदबी के खिलाफ बनाए जाएं कड़े कानून, दोषियों को उम्रभर की सजा का सख्त संदेश
ख़बर ख़ास | पंजाब
बिहार के पवित्र स्थल तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में माथा टेकने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब ने गुरुओं की मर्यादा और सम्मान की रक्षा के लिए देश को रास्ता दिखाया है। उन्होंने कहा कि राज्य में बेअदबी के खिलाफ सबसे सख्त कानून लागू किया गया है, जिससे इस तरह के अपराधों पर कड़ा अंकुश लगेगा।
मुख्यमंत्री ने गुरु घर में माथा टेककर पंजाब, पंजाबियों और पूरी सिख संगत की खुशहाली, तरक्की और चढ़दी कला के लिए अरदास की। उन्होंने गुरु साहिब का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब की मर्यादा बनाए रखने के लिए सख्त कानून बनाने का अवसर मिला, जो करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है।
बेअदबी को करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं के खिलाफ अक्षम्य अपराध बताते हुए मुख्यमंत्री ने देश के सभी राज्यों से अपील की कि वे भी इस दिशा में कड़े कानून बनाएं। उन्होंने साफ किया कि पंजाब में अब कोई भी व्यक्ति यदि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करता है, तो उसे पूरी उम्र जेल में बितानी पड़ेगी। यह संदेश स्पष्ट है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी हरकत को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं आज भी मानवता को सच्चाई, करुणा और भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कामना की कि देश में आपसी सद्भाव, शांति और एकता और मजबूत हो तथा पंजाब हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाता रहे।
उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थल पर आकर उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली है, जिससे वे पंजाब के लोगों की सेवा और अधिक समर्पण के साथ कर पाएंगे। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पवित्रता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी दोषी को सख्त से सख्त सजा सुनिश्चित की जाएगी।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
Comments 0