‘मिशन रोजगार’ को मिली नई रफ्तार, मुख्यमंत्री बोले— योग्यता और पारदर्शिता ही भर्ती का एकमात्र आधार
‘मिशन रोजगार’ को मिली नई रफ्तार, मुख्यमंत्री बोले— योग्यता और पारदर्शिता ही भर्ती का एकमात्र आधार
ख़बर ख़ास | पंजाब
पंजाब सरकार के ‘मिशन रोजगार’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को 355 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही वर्ष 2022 से अब तक राज्य में दी गई सरकारी नौकरियों की कुल संख्या बढ़कर 67,037 हो गई है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को राज्य में पारदर्शी और मेरिट आधारित भर्ती व्यवस्था का प्रमाण बताया।
नवनियुक्त कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में अब सरकारी नौकरियां केवल योग्यता, मेहनत और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा के आधार पर दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह भ्रष्टाचार, सिफारिश और राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त बनाया है, जिससे युवाओं का सरकारी व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हुआ है।
मुख्यमंत्री ने देशभर में सामने आए विभिन्न परीक्षा घोटालों और पेपर लीक मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां कई राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं विवादों में रही हैं, वहीं पंजाब ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और ईमानदारी की मिसाल पेश की है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 में उनकी सरकार के सत्ता संभालने के बाद राज्य में एक भी पेपर लीक का मामला सामने नहीं आया।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ऐसा माहौल तैयार करना है जहां युवा अपने भविष्य को लेकर आत्मविश्वास महसूस करें और अपने ही राज्य में आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के विदेश पलायन को रोकने और उन्हें पंजाब में ही बेहतर संभावनाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 25 नई औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाएं (आईटीआई) स्थापित की जा रही हैं, जबकि 13 मौजूदा आईटीआई को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर अपग्रेड किया जा रहा है। इसके अलावा पॉलिटेक्निक संस्थानों के आधुनिकीकरण और उन्नत कौशल विकास केंद्रों की स्थापना पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें ईमानदारी, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ जनसेवा करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार नहीं बल्कि समाज और राज्य के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ये युवा कर्मचारी पंजाब के विकास और खुशहाली में महत्वपूर्ण योगदान देंगे तथा राज्य को एक प्रगतिशील, समृद्ध और रंगला पंजाब बनाने के सपने को साकार करने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।
Like
Dislike
Love
Angry
Sad
Funny
Wow
पंजाब के शहरों को कचरा मुक्त बनाने के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए: डॉ. रवजोत सिंह
November 13, 2024
Comments 0